
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। देहात थाना पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग कर रुपये वसूलने के मामले में एक महिला सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने एक बुजुर्ग को परिचित बनकर बातचीत के बहाने मिलने बुलाया और फिर कथित तौर पर अपने जाल में फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया।
इसके बाद वीडियो बहुप्रसारित करने, दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के झूठे मामले में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगे। फरियादी से एक लाख रुपये तत्काल वसूलने की बात भी सामने आई है।
10 अक्टूबर को दर्ज कराई शिकायत
देहात थाना टीआई शिवप्रताप सिंह राजावत के मुताबिक, फरियादी ने 10 अक्टूबर को देहात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि करीब 14-15 दिन पहले उसके पास एक महिला का फोन आया था। महिला ने खुद को रिश्तेदार बताकर उससे मीठी-मीठी बातें कीं और सर्किट हाउस के पास मिलने बुलाया।
इसके बाद चाय पिलाने के बहाने उसे अपने घर ले गई। आरोप है कि वहां पहले से रची गई साजिश के तहत उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया गया। बाद में गैंग के सदस्यों ने वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगे और दो घंटे के भीतर एक लाख रुपये वसूल लिए।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर: बिना लाइसेंस चल रहा संजीवन मेडिकल्स सील, जांच करने पहुंचीं महिला ड्रग इंस्पेक्टर से बदसलूकी; लाइसेंस निरस्त
चार लोगों पर एफआईआर, एक महिला-पुरुष गिरफ्तार
फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने ममता बघेल पत्नि किशोर बघेल निवासी हजूरीपुरा रोड कृष्णा नगर, बबलू उपाध्याय पुत्र अशोक कुमार उपाध्याय निवासी महावीर नगर, बेबी जाटव पत्नि मलखान जाटव निवासी हजूरीपुरा रोड कृष्णा नगर भिण्ड और विश्ववीर राजावत उर्फ विस्से पुत्र बच्चन सिंह राजावत निवासी बबेड़ी हाल शिवाजी नगर भिंड के खिलाफ अपराध क्रमांक 670/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 308(5), 308(6), 351(2), 61(2) और 3(5) में केस दर्ज किया।
पुलिस ने 11 अक्टूबर को 28 वर्षीय बेबी जाटव निवासी हजूरीपुरा रोड कृष्णा नगर और 60 वर्षीय विश्ववीर राजावत उर्फ विस्से को सर्किट हाउस के पास से गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की घटनाएं होने की आशंका के चलते पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है। मामले में अन्य तथ्यों की जांच जारी है।
पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, गैंग से जुड़े बबलू उपाध्याय और ममता बघेल आरोपित पूर्व में भी हनीट्रैप के मामलों में पकड़े जा चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई में टीआइ के अलावा एसआइ अजय यादव, प्रधान आरक्षक गुरुदास, आरक्षक फिरोज खान, अवधेश चौहान, ज्ञानेन्द्र मिश्रा, आजाद खान, महिला प्रधान आरक्षक अपर्णा, महिला आरक्षक किरन कुशवाह और राधा पचौरी की भूमिका रही।
ब्लैकमेलिंग कर अवैध रूप से रुपए वसूलने के मामले में एक महिला और एक पुरुष आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। अन्य पीड़ितों और इस तरह की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआइ थाना देहात