नौतपा खत्म होते ही आसमान में बादलों ने जमाया ढेरा, बेसब्री से बारिश का इंतजार
नौतपा खत्म होते ही शुक्रवार को आसमान में बादलों ने अपना ढेरा जमा लिया। ऐसे में धूप से तो राहत मिली।
By Nai Dunia News Network
Edited By: Nai Dunia News Network
Publish Date: Sat, 04 Jun 2022 12:46:13 AM (IST)
Updated Date: Sat, 04 Jun 2022 12:21:17 PM (IST)

भिंड(नईदुनिया प्रतिनिधि)। नौतपा खत्म होते ही शुक्रवार को आसमान में बादलों ने अपना ढेरा जमा लिया। ऐसे में धूप से तो राहत मिली, लेकिन लू के थपेड़ों ने परेशान किया। भीषण गर्मी के चलते लोग बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
नौतपा के शुरुआत के तीन दिन जहां ठंडे रहे, वहीं इसके बाद गर्मी बढ़ना शुरू हो गई। मौसम विभाग ने भी पहले ही संभावना जता दी थी कि नौतपा की विदाई तेज गर्मी के बीच होगी। नौतपा के आखिरी दिन गुरुवार को तेज गर्म हवाओं ने वाहन सवारों को झुलसा कर रख दिया। धूप निकलने पर त्वचा में जलन सी महसूस की जा रही थी। शुक्रवार की सुबह जहां तेज धूप रही। वहीं दोपहर डेढ़ बजे के बाद आसमान में बादलों ने अपना ढेरा जमा लिया। इस वजह से लोगों को धूप से तो राहत मिली। लेकिन गर्म हवाएं चलने से सबसे ज्यादा दो पहिया वाहन चालक परेशान नजर आए। शुक्रवार को दिन का तापमान 46 डिसे दर्ज किया गया। वहीं रात का तापमान दो डिसे बढ़कर 32 डिसे पर पहुंच गया। जबकि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 30 डिसे दर्ज किया गया था। ऐसा कहा जाता है कि नौतपे के दौरान अच्छी गर्मी पड़ने और बारिश न होने से मानसून अच्छा आता है। इस बार यही हुआ। शुरुआती दिनों को छोड़कर अन्य दिनों में खूब गर्मी रही। न बादल छाए और न ही बारिश हुई। नौतपा अपनी पूरी गति के साथ आगे बढ़ते रहे। तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इससे आने वाले मानसूनी सीजन में अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है।