_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड. मध्य प्रदेश के भिंड जिले से पशु क्रूरता की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। ऊमरी थाना क्षेत्र के नुन्हाटा गांव में मामूली पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने पड़ोसी के पालतू कुत्ते को मार दिया। कहा जा रहा है कि आरोपी ने कुत्ते को पहले बीहड़ में ले जाकर पेड़ से फंदे पर लटकाया, लाठियों से पीटा और फिर कुल्हाड़ी से काटकर उसके 20 से 25 टुकड़े कर दिए।
इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, नुन्हाटा के उमराव सिंह का पुरा निवासी 25 वर्षीय विवेक बाथम (पिता अजमेर बाथम) सोमवार को गांव में घूम रहे रामनरेश सिंह राजावत के पालतू कुत्ते को जबरन रस्सी से बांधकर अपने साथ ले गया। विवेक कुत्ते को बेसली नदी के किनारे बीहड़ के जंगल में ले गया। वहां उसने बेजुबान जानवर को एक पेड़ से फंदे पर लटका दिया। कुत्ता दर्द से तड़पता और चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपी उस पर लाठियां बरसाता रहा। इसके बाद विवेक और उसके एक साथी ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर कुत्ते के शरीर को 20 से 25 टुकड़ों में काट डाला।
आरोपियों ने इस पूरी हैवानियत का वीडियो भी बनाया, जो बाद में इंटरनेट और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा पनप देखने को मिला। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कुत्ते के मालिक रामनरेश सिंह राजावत ने बताया कि कुछ समय पहले आरोपी से उनका किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी ने उनके पालतू कुत्ते को निशाना बनाया। इतनी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने इस संबंध में ऊमरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
ऊमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने घटना पर दुख जताते हुए कहा- बेजुबान जानवर के साथ इस तरह की क्रूरता बेहद निंदनीय है। पीड़ित की शिकायत पर आवेदन लिया गया है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में जेसी मिल्स के 7,839 पूर्व कर्मचारियों के नए दावे हाईकोर्ट ने खारिज किए, 4% ब्याज देने के निर्देश मिले