मनोज श्रीवास्तव, नईदुनिया, भिंड। चंबल के बीहड़ कभी दस्यु समस्या, ऊबड़-खाबड़ जमीन और दुर्गम रास्तों के लिए पहचाने जाते थे। यहां कभी बंदूकों की गूंज सुनाई देती थी, लेकिन अब यहां ट्रैक्टरों की आवाज और खेतों में लहलहाती फसलें बदलाव की नई कहानी लिख रही हैं।
किसानों ने अपने हौसले और मेहनत के दम पर अनुपयोगी बीहड़ भूमि को समतल कर खेती योग्य बना दिया है। जिले में करीब 20 हजार हेक्टेयर बीहड़ भूमि समतल होने के बाद यहां गेहूं, चना, सरसों, बाजरा सहित कई फसलें उगाई जा रही हैं।
खास बात यह है कि इस बदलाव में किसानों ने सरकारी मदद का इंतजार करने के बजाय अपनी जेब से पैसा खर्च कर जमीन की सूरत बदली है।
सिंध और क्वारी नदी के किनारे बदला नजारा
रौन क्षेत्र के इंदुर्खी, गोरम, भारौली, महायर, रेंमजा, मुसावली, बिलाव, श्यामपुरा, खैरा, बहादुरपुरा, गढ़ी-हरीक्षा और टेहनगुर सहित कई गांवों में सिंध नदी के किनारे किसानों ने बीहड़ों का समतलीकरण किया है। इसी तरह क्वारी नदी के आसपास भी किसानों ने ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से बीहड़ों की कटाई, मिट्टी का भराव और खेतों का समतलीकरण कराया और फसलें उगाना शुरू कर दिया।
आजादी के बाद 68 हजार हेक्टेयर बीहड़ सुधारने की बनी थी योजना
आजादी के बाद केंद्र सरकार ने भिंड, मुरैना और श्योपुर में 68 हजार 833 हेक्टेयर बीहड़ भूमि को कृषि योग्य बनाने की योजना बनाई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने चंबल बहुउद्देशीय परियोजना, जय किसान उपयोजना, ग्रीन-एजी परियोजना, भूमि सुधार, पौधारोपण और औद्योगिक विकास जैसी योजनाएं शुरू कीं, हालांकि कई परियोजनाएं योजनाओं और समीक्षा बैठकों तक सीमित रह गईं। दूसरी ओर किसानों ने निजी खर्च पर समतलीकरण का काम जारी रखा।
दो बीघा बीहड़ समतल करने में 20 हजार खर्च, खेती से 35 हजार का लाभ
निवसाई के किसान राजेंद्र सिंह बताते हैं कि सिंध नदी के पास खेत से लगी करीब दो बीघा बीहड़ भूमि को खेती योग्य बनाने के लिए 15 से 20 हजार रुपये खर्च हुए। इसके बाद जमीन पर सरसों की बोवनी की। पहली फसल से करीब 35 से 40 हजार रुपये की आमदनी हुई। अब जमीन हर साल आमदनी का जरिया बन गई है।
बीहड़ समतल कर लगाए फलदार पेड़, मिट्टी का कटाव भी रोका
गोरमी के हरीक्षा गांव के किसान महेश सिंह ने करीब पांच बीघा बीहड़ भूमि को समतल कर खेती योग्य बनाया है। उन्होंने खेत के चारों ओर छायादार और फलदार पौधे भी लगाए हैं। इससे बारिश के दौरान मिट्टी का कटाव कम हुआ है।
गोरमी क्षेत्र के सिलोली और हरीक्षा गांव में भी किसानों ने करीब 100 से 150 बीघा बीहड़ भूमि को समतल कर खेती शुरू की है।
जिले में करीब 20 हजार हेक्टेयर बीहड़ भूमि समतल होने से कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे फसल उत्पादन का रकबा बढ़ा है और किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। किसानों ने अपने प्रयासों से अनुपयोगी भूमि को खेती योग्य बनाकर कृषि विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
- रामसुजान शर्मा, उप संचालक कृषि विभाग, भिंड।