
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर के अटेर रोड क्षेत्र में चोरों का गिरोह लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। ओझा नगर और साकेत नगर में 16-17 सितंबर की रात तीन सूने मकानों में हुई चोरियों का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। इसी बीच मंगलवार-बुधवार की रात चोरों ने उसी क्षेत्र में रामकृपा गार्डन के पीछे एक और सूने मकान को निशाना बना लिया।
चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 70 हजार रुपये नकद, सोने की चेन व चांदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया। एक ही क्षेत्र में करीब एक सप्ताह के भीतर चौथी चोरी की घटना सामने आने से पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अटेर रोड स्थित वार्ड क्रमांक एक में रामकृपा गार्डन के पास 36 वर्षीय शिवम पुत्र विजय नारायण दीक्षित अपने परिवार के साथ रहते हैं। शिवम का शहर में आटो पार्ट्स का कारोबार है। उनके परिवार के अन्य सदस्य मंडला में रहते हैं। बताया गया है कि शिवम पिछले दिनों सामान लेने के लिए दिल्ली गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। इस कारण मकान पर ताला लगा था।
मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात चोरों ने इसी का फायदा उठाया। चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और कमरे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद अलमारी को खंगालकर उसमें रखे करीब 70 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन और चांदी का सामान चोरी कर लिया।
सुबह जब आसपास रहने वाले लोगों को मकान के ताले टूटे होने और चोरी की जानकारी मिली तो उन्होंने शिवम को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सुबह करीब छह बजे देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
अटेर रोड क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। 16-17 सितंबर की रात ओझा नगर और साकेत नगर में तीन सूने मकानों को चोरों ने निशाना बनाया था। इन वारदातों में साकेत नगर निवासी शैलेंद्र भदौरिया के मकान में सबसे बड़ी चोरी हुई थी। चोर यहां से करीब 26 तोला सोना, 250 ग्राम चांदी और ढाई लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसके अलावा ओझा नगर में भी दो अन्य मकानों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन वारदातों को हुए एक सप्ताह हो गया, लेकिन पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। अब उसी क्षेत्र में एक और मकान में चोरी होने से लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद क्षेत्र में पुलिस की गश्त को लेकर प्रभावी निगरानी नजर नहीं आ रही है। 16-17 सितंबर की तीन चोरियों का खुलासा नहीं हुआ और 22-23 सितंबर की रात उसी क्षेत्र में चौथी चोरी हो गई। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या चोरों को पुलिस कार्रवाई का कोई डर नहीं है।
पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज और पूर्व में हुई चोरियों के घटनाक्रम को जोड़कर जांच कर रही है। वहीं एएसपी भिंड प्रदीप पटेल का कहना है कि अटेर रोड पर एक सप्ताह के भीतर अगर चौथी चोरी हुई है तो ये बड़ी बात है। इस संबंध में संबंधित थाना प्रभारी से बात की जाएगी।
यह भी पढ़ें- देवी अंबिका की मूर्ति के शिल्पकार का मिला नाम, उसी अभिलेख में भोजशाला में वाग्देवी की स्थापना का भी उल्लेख