
नईदुनिया न्यूज, मालनपुर। नगर परिषद मालनपुर के वार्ड क्रमांक 9 के ग्राम तिलौरी में मकानों को तोड़ने की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यहां वर्षों से रह रहे परिवारों का आरोप है कि कुछ लोग दबंगई के दम पर उनकी पुरानी आवासीय जगह पर कब्जा करना चाहते हैं। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों पर मकान तोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है।
पीड़ित कपूरी बाई, अवधविवारी, रणवीर कुशवाह सहित अन्य परिवारों का कहना है कि वे कई दशकों से यहां निवास कर रहे हैं। उनकी एक पीढ़ी इसी स्थान पर गुजर चुकी है। आरोप है कि 13 नवंबर को तहसीलदार और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में उनके मकान तोड़ने की कार्रवाई का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने इसे हाईकोर्ट के आदेश के तहत की जाने वाली कार्रवाई बताया।
इस पर परिवारों ने सवाल उठाया कि यदि न्यायालय का आदेश है तो उसकी प्रति उन्हें क्यों नहीं दिखाई जा रही। न ही उन्हें कोई नोटिस या कार्रवाई संबंधी दस्तावेज दिए गए हैं। प्रभावित परिवारों ने वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने और न्याय मिलने तक कार्रवाई रोकने की मांग की है।
हाईकोर्ट में चल रहे अवमानना प्रकरण (कंटेम्प्ट कोर्ट) के आदेश के तहत ग्राम तिलौरी में दो आशियानों पर कार्रवाई की गई है। अन्य शेष लोगों को मकान खाली करने के लिए मोहलत दी गई है।
-जगन सिंह कुशवाहा, तहसीलदार वृत्त एंडोरी गोहद
यह भी पढ़ें- जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए अब नहीं चलेगी लापरवाही, ग्वालियर में सख्ती से लागू हुए नए नियम