
भिंड(नईदुनिया प्रतिनिधि)। दुनियाभर में हर साल विश्व हृदय दिवस 29 सितंबर को मनाया जाता है। यह दिन हृदय की सेहत पर समर्पित है। हृदय रोगों के जोखिम को कम करने और दिल की बीमारियों से बचने व इलाज के लिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व हृदय दिवस के मौके पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला अस्पताल में शिविर लगाकर लोगों के हार्ट की जांच की गई।
डाक्टरों ने बताया कि 30 की उम्र के बाद हार्ट की देखरेख करना जरूरी है। ऐसे में आप जिला अस्पताल पहुंचकर नि:शुल्क अपने हार्ट की जांच करा सकते हैं। जिला अस्पताल में विश्व हृदय दिवस के उपलक्ष्य में लगाए गए शिविर में 156 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाइयां वितरित की गईं।
सीएमएचओ डा शिवराम सिंह कुशवाह ने बताया कि जिले में 30 वर्ष से अधिक उम्र की आबादी का 24 फीसद हिस्सा लगभग एक लाख 78 हजार की आबादी हाईपरटेंशन तथा हृदय रोग से पीड़ित है। मरीजों के नियमित क्रीनिंग, उपचार एवं दवा वितरण की सुविधा जिला अस्पताल की ओपीडी में एनसीडी राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत निःशुल्क दी जा रही है।
शिविर के दौरान सिविल सर्जन डा अनिल गोयल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजेश शर्मा, आरएमओ डा देवेश शर्मा सहित अन्य माैजूद रहे। फल और हरी सब्जियों को आहार में करें शामिल: सविल सर्जन डा अनिल कुमार गोयल ने बताया कि हृदय घात या दिल से जुड़े अन्य रोगों के मामलों की बढ़ती संख्या के कारण लोग हृदय संबंधी मुद्दों से प्रभावित हो रहे हैं। इसका एक मुख्य कारक अस्वस्थ और गतिहीन जीवनशैली और गलत खानपान भी है। लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सचेत करने के लिए विश्व हृदय दिवस मनाते हैं।
हरी सब्जियां और फल खनिजों के अच्छे स्रोत हैं। सब्जियां और फल कैलोरी में कम और आहार फाइबर में समृद्ध होते हैं। सब्जियों और फलों में ऐसे पदार्थ होते हैं, जो हृदय रोग को रोकने में मदद कर सकते हैं। अधिक फल और सब्जियां खाने से आपको उच्च कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों जैसे मांस पनीर और स्नैक खाद्य पदार्थों में कटौती करने में मदद मिल सकती है।
30 की उम्र के बाद हर व्यक्ति को अपने हार्ट का का चेकअप कराना चाहिए। जिला अस्पताल में नि:शुल्क हार्ट की जांच होती है। वहीं स्वास्थ्य के प्रति हर व्यक्ति को जागरूक रहना चाहिए।
डा देवेश शर्मा, आरएमओ जिला अस्पताल भिंड