
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जिले की ग्राम पंचायत परवलिया सड़क में सरपंच, सचिव व इंजीनियर ने निर्माण कार्यों के लिए करीब एक करोड़ रुपये के फर्जी बिल लगाए हैं। यह आरोप परवलिया सड़क निवासी दिनेश परमार ने छह अक्टूबर को जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी को शिकायती आवेदन देते हुए लगाए हैं।
सीईओ ने मामले में जिला पंचायत अतिरिक्त सीईओ, जनपद पंचायत फंदा सीईओ व लेखाधिकारी जिला पंचायत का संयुक्त जांच दल गठित किया है। उन्होंने जांच दल को आदेश दिए हैं कि शिकायत के बिंदुओं की नियमानुसार जांच कर सात दिन में प्रतिवेदन उपलब्ध करवाएं।
शिकायतकर्ता दिनेश परमार ने सीईओ को शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि उनकी पत्नी के नाम से दो लाख देकर भवन व पुल निर्माण की अनुमति ली गई थी। उन्होंने जब बैंक लोन के लिए अनुमति बैंक में पेश की तो वह फर्जी निकली। इसको लेकर पंचायत से संपर्क किया तो अभद्र व्यवहार किया गया। इससे उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की तो सचिव, सरपंच व इंजीनियर ने किसी भी तरह की अनुमति नहीं देने का जवाब दिया।
दिनेश ने पंचायत पोर्टल की जांच की तो पता चला कि इनके द्वारा कूटरचना कर इसी प्रकार करीब 70 निर्माण अनुमतियां फर्जी तरीके से जारी किए जाने की आशंका है। पंचायत में करीब एक करोड़ के विकास कार्यों के फर्जी बिल, बिना जीएसटी व बिना ई-वे बिल के लगाए जाकर शासकीय राशि का भुगतान व निकासी किए जाने की आशंका है।
यह भी पढ़ें- 'IAS ब्रांड है, इसलिए मारा, भागता नहीं तो अपराधी कैसे बनता', पूर्व IAS के हत्यारे का बेखौफ कबूलनामा