
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। साइबर अपराधों के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता के अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं। इससे प्रदेश में इस वर्ष साइबर ठगी की रकम में कमी आने के संकेत हैं। इस वर्ष सितंबर तक ठगों ने प्रदेश के लोगों को 308 करोड़ रुपये की चपत लगाई है।
लेकिन पुलिस और बैंकों के समन्वय से करीब 100 करोड़ रुपये होल्ड कराने में सफलता मिली है, यानी ठगी की कुल राशि का लगभग 32 प्रतिशत हिस्सा समय रहते रोक लिया गया, जो निर्धारित प्रक्रिया के बाद पीड़ितों को मिल सकेगा।
पिछले वर्ष की तुलना में यह अनुपात भी बेहतर हुआ है। वर्ष 2025 में प्रदेश में 634 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई थी। इसमें से पुलिस 137 करोड़ रुपये होल्ड करा पाई थी। यह कुल ठगी की रकम का लगभग 22 प्रतिशत था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जागरूकता बढ़ने के साथ लोग अब ठगी का शिकार होने पर तत्काल शिकायत कर रहे हैं। पहले कई मामलों में पीड़ित जानकारी जुटाने या बैंक से संपर्क करने में ही काफी समय लगा देते थे। अब इसमें सुधार आया है।
जागरूकता के लिए पुलिस मुख्यालय ने बीते दो वर्ष में दो बार सेफ क्लिक अभियान चलाया। इनके तहत स्कूल-कालेजों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम किए गए।
डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर फोन करने, ओटीपी और केवायसी के नाम पर ठगी, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी निवेश योजनाओं और अनजान लिंक से होने वाले अपराधों के बारे में बताया गया।
यह भी पढ़ें- महिला एवं बाल विकास दफ्तर में भीषण आग, रातभर सुलगते रहे दस्तावेज, 2020 तक का रिकॉर्ड जलकर खाक
साइबर पुलिस के एसपी प्रणय नागवंशी ने बताया कि लोगों में जागरूकता बढ़ी है और या तो वे ठगों के जाल में अब नहीं आ रहे हैं, या फिर ठगी होने पर जल्द शिकायत कर दे रहे हैं। इससे 100 करोड़ रुपये होल्ड कराने में सफलता मिली है।
इसमें मिटिगेशन सेंटर की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। यहां अभी तीन बैंकों के प्रतिनिधि साइबर मुख्यालय में बैठ रहे हैं। नया काल सेंटर शुरू होने के बाद और बैंकों से प्रतिनिधि बैठाने के लिए कहा जाएगा, जिससे शिकायतों पर और तेजी से कार्रवाई हो सके।