मुंबई में MP सरकार की 117 साल पुरानी प्रॉपर्टी को नहीं मिला खरीदार, अब नए सिरे से होगी तलाश
मध्य प्रदेश सरकार मुंबई के कोलाबा स्थित 117 साल पुरानी हेरिटेज प्रॉपर्टी एडवर्ड विला का मुद्रीकरण नहीं कर पाई। 30 अक्टूबर 2026 तक संपत्ति के लिए ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त करने के प्रस्ताव पर एक भी औपचारिक आवेदन नहीं मिला।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 01:24:21 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 01:24:21 PM (IST)
मध्य प्रदेश सरकार मुंबई में स्थित अपनी 117 साल पुरानी ऐतिहासिक संपत्ति एडवर्ड विला का मुद्रीकरण करने में फिलहाल सफल नहीं हो पाई है। फोटो सौ- इंटरनेट मीडियाHighLights
- मुंबई के कोलाबा में स्थित है 117 साल पुरानी हेरिटेज प्रॉपर्टी एडवर्ड विला
- इसका उपयोग मध्य प्रदेश सरकार वीवीआईपी गेस्ट हाउस के रूप में कर रही है
- संपत्ति पर मध्य प्रदेश सरकार के पास 13 नवंबर 2035 तक लीज अधिकार हैं
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार मुंबई में स्थित अपनी 117 साल पुरानी ऐतिहासिक संपत्ति एडवर्ड विला का मुद्रीकरण करने में फिलहाल सफल नहीं हो पाई है। मुंबई के पॉश इलाके कोलाबा में स्थित इस हेरिटेज प्रॉपर्टी को बेचने या इसके शेष लीज अधिकार हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन सरकार को कोई खरीदार नहीं मिला।
संपत्ति के मुद्रीकरण की प्रक्रिया में मदद के लिए ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त करने आवेदन आमंत्रित किए गए थे। 30 अक्टूबर की अंतिम तिथि तक कुछ पूछताछ तो हुई, लेकिन किसी ने औपचारिक आवेदन जमा नहीं किया।
अब राज्य सरकार इस प्रक्रिया को नए सिरे से शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत पहले ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त किया जाएगा, जो संपत्ति के मुद्रीकरण की प्रक्रिया और संभावित खरीदार की तलाश में मदद करेगा।
भोपाल में अधिकारियों ने आवेदन नहीं मिलने की पुष्टि करते हुए नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी है।
वीवीआईपी गेस्ट हाउस के रूप में हो रहा उपयोग
एडवर्ड विला का फिलहाल मध्य प्रदेश सरकार वीवीआईपी गेस्ट हाउस के रूप में उपयोग कर रही है। यह मुंबई के कोलाबा इलाके में कैप्टन प्रकाश पेठे मार्ग पर स्थित है। यहां से मुंबई का प्रमुख कारोबारी क्षेत्र नरीमन प्वाइंट भी नजदीक है। दक्षिण मुंबई के नेवी कैंटोनमेंट क्षेत्र में स्थित इस संपत्ति को देश की आर्थिक राजधानी के प्रमुख स्थानों में गिना जाता है।
1909 में बना था तीन मंजिला भवन
एडवर्ड विला का निर्माण वर्ष 1909 में हुआ था। इसका भूखंड 1,168.90 वर्गमीटर यानी करीब 12,581 वर्गफीट में फैला है। इस पर बने भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल 1,246.07 वर्गमीटर है। तीन मंजिला इस इमारत में भूतल, पहली और दूसरी मंजिल शामिल हैं।
2035 तक मध्य प्रदेश सरकार के पास लीज अधिकार
यह संपत्ति बृहन्मुंबई महानगरपालिका (एमसीजीएम) से मिली 30 वर्ष की लीज पर मध्य प्रदेश सरकार के पास है। लीज की अवधि 13 नवंबर 2012 से 13 नवंबर 2035 तक बताई गई है। सरकार संपत्ति के शेष लीज अधिकारों की बिक्री या हस्तांतरण के माध्यम से इसका मुद्रीकरण करना चाहती है।
पीआईसीएल ने जारी किया था प्रस्ताव
मध्य प्रदेश सरकार के उपक्रम प्रोविडेंट इन्वेस्टमेंट कंपनी लिमिटेड (पीआईसीएल) ने ट्रांजेक्शन एडवाइजर की नियुक्ति के लिए रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) जारी की थी। यह कंपनी राज्य के वित्त विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण में काम करती है और मुंबई में सरकार की संपत्तियों का प्रबंधन करती है। पहली कोशिश में आवेदन नहीं मिलने के बाद अब कंपनी नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करेगी।