भोपाल: नादरा बस स्टैंड की सरकारी दुकानों की सौदेबाजी में फर्जीवाड़ा, कारोबारियों से 23.65 लाख ठगे
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नादरा बस स्टैंड स्थित नगर निगम के निर्माणाधीन काम्प्लेक्स में सरकारी दुकानें दिलाने का झांसा देकर तीन कारोबारियों से 23.65 लाख रुपये की ठगी की गई।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 12:57:11 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 12:57:11 PM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार तस्वीरHighLights
- नगर निगम के काम्प्लेक्स में सरकारी दुकानें दिलाने का झांसा
- तीन कारोबारियों से 23.65 लाख रुपये की ठगी की गई
- फर्जी नोटशीट, नीलामी नोटिस और नगर निगम की आईडी बनाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सरकारी दुकानों के आवंटन का फर्जी खेल रचकर चार आरोपितों ने तीन कारोबारियों से 23.65 लाख रुपये ऐंठ लिए। नादरा बस स्टैंड पर बन रहे नगर निगम के नए कॉम्प्लेक्स में आकर्षक रेट पर दुकान दिलाने का भरोसा देकर आरोपितों ने फर्जी नोटशीट, नीलामी नोटिस और निगम की आईडी तक तैयार कर दिखाई।
कारोबारियों को ऑनलाइन पोर्टल पर बोली लगवाने का झांसा भी दिया गया। लंबे समय तक दुकान नहीं मिलने पर पीड़ितों ने नगर निगम कमिश्नर से संपर्क किया, तब फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। जांच में न कोई टेंडर जारी हुआ था और न ही आलमउद्दीन निगम का अधिकारी था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली पुलिस ने नीरज चौरसिया, अबरार, दिलीप जैन और आलमउद्दीन के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और षड्यंत्र का केस दर्ज किया है। कोतवाली थाना प्रभारी अपाला सिंह के अनुसार इतवारा निवासी दीपक अग्रवाल को अगस्त 2023 में दिलीप जैन ने ग्राउंड फ्लोर की दुकान दिलाने का प्रस्ताव दिया।
दुकान की कीमत 38 लाख रुपये बताकर 10 प्रतिशत राशि और पांच लाख कमीशन मांगा गया। दीपक से 6.95 लाख रुपये वसूले गए। विजय अग्रवाल को 45 लाख की दुकान दिलाने के नाम पर 8.93 लाख और आजाद मार्केट के मुकेश शर्मा से 7.77 लाख रुपये लिए गए।
फर्जी दस्तावेज किए तैयार
आरोपितों ने निगम में फाइल चलने और ऑनलाइन आईडी से बोली लगने का भरोसा दिलाया। एक महिला से फोन पर आईडी सत्यापन भी कराया। फर्जी टेंडर और दस्तावेज दिखाकर आवंटन की तारीखें टालते रहे। पुलिस अब आरोपितों की भूमिका और रकम के लेनदेन की पड़ताल कर रही है।