
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए आशिमा मॉल से बावड़िया गांव होते हुए सेज अपोलो अस्पताल के पास नर्मदापुरम मुख्य मार्ग को जोड़ने वाला 1183 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इस परियोजना को लेकर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने बुधवार को अपने निवास कार्यालय ‘समाधान’ में समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान मंत्री कृष्णा गौर ने निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाए।
प्रस्तावित फ्लाईओवर में 733 मीटर का मुख्य ब्रिज स्ट्रक्चर और दोनों ओर लगभग 400 मीटर लंबी एप्रोच एवं सर्विस रोड शामिल होगी। इसकी चौड़ाई 15.5 मीटर निर्धारित की गई है। फ्लाईओवर बनने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों को लंबे समय से इस मार्ग पर जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
यह भी पढ़ें- MP में राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव का एलान, EC ने जारी किया शेड्यूल