
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। एक जनवरी, 2027 को प्रदेश के 13 कलेक्टर पदोन्नत हो जाएंगे। इनमें ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान सचिव तो अशोकनगर, जबलपुर, खंडवा, देवास, नर्मदापुरम, सिंगरौली सहित 12 जिलों के कलेक्टर अपर सचिव पद पर पदोन्नत हो जाएंगे। इसके साथ ही कुछ कलेक्टरों की पदस्थापना में परिवर्तन भी होगा। उधर, संजय गोयल और निशांत वरवड़े को प्रमुख सचिव बनाया जाएगा।
पदोन्नति के लिए सामान्य प्रशासन विभाग की विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक दिसंबर के पहले पखवाड़े में की जाएगी। इसके साथ ही आइपीएस, आइएफएस, राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदोन्नति के लिए भी डीपीसी की बैठकें होंगी।
2011 बैच के आइएएस अधिकारियों को अपर सचिव से सचिव पद पर पदोन्नत किया जाएगा। इनमें वीएस चौधरी कोलसानी, हरजिंदर सिंह, सौरभ कुमार सुमन, नेहा मारव्या, विजय कुमार जे, अनुग्रह पी, बी विजय दत्ता, मोहित बुंदस, संजीव श्रीवास्तव, चंद्रमौली शुक्ला, मनोज पुष्प, उमाशंकर भार्गव, गौतम सिंह, प्रीति जैन, उषा परमार, सरिता ओमबाला प्रजापति, मुजीबुर्रहमान खान, दिनेश जैन, गिरीश शर्मा, शिवराज सिंह वर्मा और वीरेंद्र कुमार के नाम शामिल हैं।
वहीं, 2014 बैच के अशोकनगर कलेक्टर साकेत मालवीय, जबलपुर कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा, खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, देवास कलेक्टर नेहा मीना, नर्मदापुरम कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, सिंगरौली कलेक्टर अंकित अस्थाना, बालाघाट कलेक्टर आदित्य सिंह, मुरैना कलेक्टर लोकेश जांगिड़, सागर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, आलीराजपुर कलेक्टर नीतू माथुर, डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और निवाड़ी कलेक्टर जमुना भिड़े को अपर सचिव पद पर पदोन्नत किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- सागर में बदला लेने के लिए हिस्ट्रीशीटर का वकील की पत्नी पर हमला, ड्राइवर की आंखों में डाला मिर्च स्प्रे
इसके अलावा राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को पदोन्नत कर डिप्टी कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर और अपर कलेक्टर बनाया जाएगा। इसी तरह आइपीएस अधिकारियों को डीजी, स्पेशल डीजी, एडीजी, आइजी, डीआइजी, एसएसपी और एसपी पद पर प्रमोट किया जाएगा। राज्य पुलिस सेवा, राज्य वन सेवा, मंत्रालय सेवा के अधिकारियों को पदोन्नत करने के लिए डीपीसी होगी।