
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश के वन क्षेत्रों में वन्यजीवों के पेयजल के प्रबंधन में सरकार हर साल करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन टाइगर रिजर्व के कोर व बफर क्षेत्र के 994 गांवों में बिना मुंडेर के कुएं वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।
वन क्षेत्रों में ऐसे 13,255 कुएं हैं जिनमें न तो मुंडेर है और न ही उनकी फेंसिंग कराई गई है। स्थिति यह है कि प्रदेश में वन्यजीवों की कुएं में गिरकर मृत्यु की लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं। जुलाई में शाजापुर में 13 हिरण, जून में सिवनी में सात सुअर और मई में पन्ना में तीन तेंदुओं की मृत्यु हुई थी।
वन क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था के लिए पिछले वर्ष मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तीन साल की कार्ययोजना के लिए 145 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया था। वन विभाग विभिन्न योजनाओं की राशि से भी प्रबंधन का काम कराता है लेकिन निगरानी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। बिना मुंडेर के कुएं वन्यप्राणियों के लिए अभी बड़ा खतरा बने हुए हैं।
तत्कालीन वन बल प्रमुख वीएन अम्बाड़े ने इस विषय को उठाया था। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव दीपाली रस्तोगी और तत्कालीन अपर मुख्य सचिव वन (वर्तमान में मुख्य सचिव) अशोक बर्णवाल ने भी सभी जिलों के कलेक्टरों को पत्र लिखकर उचित प्रबंधन के लिए कहा था, लेकिन विभागीय रिपोर्ट के अनुसार ही स्थिति में अधिक परिवर्तन नहीं आया है।
यह भी पढ़ें- एमपी के PWD में तीन सीनियर इंजीनियरों का तबादला, योगेन्द्र बागोले को मिली बड़ी जिम्मेदारी, आदेश जारी
| टाइगर रिजर्व | गांव | कुल कुएं | मुंडेर फेंसिंग वाले कुएं | बिना मुंडेर फेंसिंग के कुएं |
| पन्ना | 76 | 613 | 157 | 456 |
| कान्हा | 167 | 1147 | 132 | 1015 |
| सतपुड़ा | 87 | 486 | 130 | 356 |
| बांधवगढ़ | 184 | 4250 | 170 | 4080 |
| पेंच | 115 | 1379 | 410 | 969 |
| वीरांगना दुर्गावती | 132 | 2322 | 9 | 2313 |
| रातापानी | 73 | 564 | 108 | 456 |
| संजय | 160 | 5068 | 1458 | 3610 |
| कुल | 994 | 15829 | 2574 | 13255 |
संरक्षित क्षेत्रों में बिना मुंडेर वाले कुओं में मुंडेर बनाने, फेंसिंग का कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा एवं प्रबंधन सुदृढ़ होगा बल्कि वन्यजीवों की मृत्यु एवं उन्हें घायल होने से भी रोका जा सकेगा।- वीएन अम्बाड़े, सेवानिवृत्त वन बल प्रमुख