
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। नर्मदा परिक्रमावासियों की सुविधा के लिए परिक्रमा पथ को सुगम बनाने के साथ आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। 150 छोटे पुल-पुलिया के लिए स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं। इनमें से 142 का निर्माण वीबी-जी राम जी योजना से किया जाएगा। वहीं, 22 सड़कें बनाई जाएंगी।
यह बात पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सोमवार को मंत्रालय में निर्मल एवं अविरल मां नर्मदा (नमन) मिशन की समीक्षा करते हुए कही। साथ ही बताया कि 19 आश्रय स्थलों में से नौ पूरे हो चुके हैं। 28 सामुदायिक भवन बन गए हैं और 105 का निर्माण अंतिम चरण में है।
बैठक में वर्चुअली जुड़े नर्मदा नदी के किनारे स्थित 16 जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण के लिए चिह्नित स्थानों पर यदि कोई अतिक्रमण है, तो उसे मुक्त कराकर सबसे पहले फेंसिंग का काम पूरा करें।
मिशन के तहत 19 आश्रय स्थलों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से नौ पर काम चल रहा है। इन स्थलों के संचालन के लिए ग्राम पंचायतों और स्थानीय सामाजिक समितियों के मध्य अनुबंध किया जाएगा। स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप ग्राम पंचायतों को आश्रय स्थलों के विस्तार व सुधार के अधिकार दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- सागर में 7 मौतों के बाद जागा प्रशासन, हाईवे किनारे अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, हटाए अवैध धुलाई सेंटर
नर्मदा परिक्रमा पथ के 15 जिलों में 51 हजार 585 पौधों का रोपण किया जा चुका है। 846 सामुदायिक भवन बनाए जाने हैं, जिनमें 705 प्रारंभिक चरण में हैं।
मिशन के लिए सोसाइटी पंजीयन की प्रक्रिया और 100 करोड़ रुपये के वित्तीय प्रविधान की प्रक्रिया चल रही है। पंजीयन के बाद कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से भी वित्तीय सहयोग प्राप्त करने की कार्ययोजना भी बनाई गई है।