
नवदुनिया न्यूज, देवरी। गोपालपुरा के समीप फोरलेन हाइवे पर अर्टिगा कार और ट्रक की भीषण टक्कर में सात लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने हाइवे किनारे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम मुनव्वर खान के निर्देश पर राजस्व विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएचएआइ और पुलिस विभाग की 33 सदस्यीय टीम गठित कर अवैध धुलाई सेंटरों एवं अन्य अतिक्रमण को हटाने के आदेश जारी किए गए थे।
सोमवार को नायब तहसीलदार रामराज चौधरी की मौजूदगी में राजस्व विभाग, हाइवे प्रबंधन की टीम और पुलिस बल ने गोपालपुरा से चिमाढाना तक कार्रवाई की। इस दौरान हाइवे किनारे बने अवैध टपरे, गुमठियां और धुलाई सेंटरों को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों द्वारा हाइवे किनारे मुरम डालकर बनाए गए अवैध धुलाई सेंटरों के स्थानों पर जेसीबी से गहरी खाइयां भी खोदी गईं, ताकि वहां दोबारा इस तरह की गतिविधियां संचालित न हो सकें।
सोमवार को गोपालपुरा से चिमाढाना तक कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, आगे की कार्रवाई मंगलवार को की जाएगी। कार्रवाई के दौरान चिमाढाना पंचायत सचिव प्रथम सिंह, विनोद विश्वकर्मा, पटवारी रसीद खान, रवि मेहरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- घर का गेट खोलते ही उड़े होश... 6 फीट के खूंखार मगरमच्छ से हुआ आमना-सामना, वन विभाग ने जाल बिछाकर पकड़ा
एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत के बाद हाइवे किनारे अवैध रूप से संचालित धुलाई सेंटरों और अन्य अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई राजस्व विभाग, एनएचएआइ और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि फोरलेन पर आवागमन सुरक्षित और सुचारू बना रहे।