उड़ानें रद्द, वीजा खत्म होने का डर: सऊदी में फंसे भोपाल के 150 उमराह यात्री, केंद्र व राज्य सरकार से मदद की अपील
मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने सऊदी अरब में उमराह के लिए गए प्रदेश के यात्रियों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र सौंपा।
Publish Date: Wed, 28 Oct 2026 08:25:22 AM (IST)Updated Date: Wed, 28 Oct 2026 08:25:22 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ने सीएम डॉ. मोहन यादव को पत्र सौंपा
- उड़ानें रद्द होने से भोपाल के करीब 150 यात्री प्रभावित
- केंद्र सरकार से लापरवाह कंपनियों की जांच की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सऊदी अरब में उमराह के लिए गए मध्यप्रदेश के यात्रियों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी के लिए राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पहल करने का अनुरोध किया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर भेंट के दौरान उन्होंने इस संबंध में पत्र सौंपा।
सीएम से मांगी मदद
सीएम को सौंपे गए पत्र में पश्चिमी एशिया की परिस्थितियों और हवाई सेवाओं में व्यवधान के कारण यात्रियों के आवास, भोजन, दवाइयों और अन्य आवश्यकताओं पर बढ़ते आर्थिक बोझ का उल्लेख किया गया है। उन्होंने विदेश मंत्रालय और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय से समन्वय कर प्रभावित यात्रियों की मदद करने का आग्रह किया।
वहीं, जमीअत उलमा मध्यप्रदेश के सचिव हाजी मोहम्मद इमरान हारून ने भी केंद्र सरकार, केंद्रीय हज कमेटी और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय से यात्रियों की सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है।
भोपाल के 150 यात्री फंसे
उन्होंने बताया कि भोपाल से करीब 150 यात्री उमराह पर गए है। उड़ानें रद्द होने से टिकटों की उपलब्धता, बढ़ते किराये और वीजा अवधि समाप्त होने की आशंका के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है।
उन्होंने टूर पैकेज संचालित करने वाली कंपनियों की कथित लापरवाही की जांच, जरूरतमंद यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की मांग भी की।