नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । बीना और आगासौद स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए यार्ड रीमॉडलिंग का काम चल रहा है। प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रेलवे ने 15 अक्टूबर तक 17 ट्रेन सेवाओं के संचालन में बदलाव किया है।
इनमें भोपाल, रानी कमलापति और संत हिरदाराम नगर से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने प्रभावित ट्रेनों की तिथियां और परिवर्तित मार्ग जारी किए हैं।
रीवांचल समेत इन ट्रेनों के मार्ग बदले
- रीवा-डॉ. आंबेडकर नगर और डॉ. आंबेडकर नगर-रीवा एक्सप्रेस 8 से 14 अक्टूबर के बीच निर्धारित मार्ग के बजाय बीना मालखेड़ी, महादेवखेड़ी, गुना, रूठियाई और मक्सी होकर चलेंगी।
- वेरावल-जबलपुर और जबलपुर-वेरावल एक्सप्रेस भी निर्धारित मार्ग के बजाय भोपाल-इटारसी होकर संचालित होंगी।
- रीवा-रानी कमलापति रीवांचल एक्सप्रेस 8 और 14 अक्टूबर को कटनी-जबलपुर-इटारसी होकर चलेगी।
ये ट्रेनें भी प्रभावित
- इसके अलावा हावड़ा-भोपाल, भोपाल-हावड़ा, भोपाल-धनबाद, धनबाद-भोपाल, भोपाल-चोपन, चोपन-भोपाल, भोपाल-सिंगरौली और सिंगरौली-भोपाल एक्सप्रेस के मार्ग में भी निर्धारित तिथियों पर बदलाव रहेगा।
- भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 15 अक्टूबर तक संत हिरदाराम नगर-मक्सी-रूठियाई-कोटा होकर चलेगी, जबकि जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस कोटा-रूठियाई-मक्सी-संत हिरदाराम नगर होकर भोपाल पहुंचेगी।
- 8 अक्टूबर को जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस कटनी-ओहन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होकर चलेगी।
तीसरी लाइन से परिचालन होगा सुगम
रेलवे के अनुसार यार्ड रीमॉडलिंग और तीसरी रेल लाइन जुड़ने के बाद बीना-आगासौद क्षेत्र में ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ेगी। इससे भविष्य में रेल यातायात को अधिक सुगम और दक्ष बनाने में मदद मिलेगी।