'सफर पर निकलने से पहले चेक कर लें रूट': बीना-आगासौद रीमॉडलिंग के चलते 15 अक्टूबर तक भोपाल से गुजरने वाली 17 ट्रेनें डायवर्ट
बीना-आगासौद यार्ड रीमॉडलिंग और प्री-नॉन इंटरलॉकिंग व नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 17 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।
Publish Date: Thu, 08 Oct 2026 09:11:38 AM (IST)Updated Date: Thu, 08 Oct 2026 09:11:38 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- बीना-आगासौद में यार्ड रीमॉडलिंग के चलते 15 अक्टूबर तक 17 ट्रेनें प्रभावित
- भोपाल से गुजरने वाली कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव
- तीसरी रेल लाइन जुड़ने से बढ़ेगी यार्ड की क्षमता
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । रेल यात्रियों के लिए बेहद काम की खबर है। यदि आप 15 अक्टूबर तक भोपाल या आसपास के स्टेशनों से ट्रेन यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का शेड्यूल और बदला हुआ रूट जरूर जांच लें।
बीना और आगासौद स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए रेलवे द्वारा बड़े पैमाने पर यार्ड रीमॉडलिंग, प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम किया जा रहा है।
इस तकनीकी कार्य के चलते रेलवे ने 15 अक्टूबर तक 17 प्रमुख ट्रेन सेवाओं के रूट में बदलाव (डायवर्जन) किया है। इनमें भोपाल, रानी कमलापति और संत हिरदाराम नगर स्टेशनों से गुजरने वाली कई अहम ट्रेनें शामिल हैं।
रीवांचल समेत इन ट्रेनों के मार्ग बदले
- रीवा-डॉ. आंबेडकर नगर और डॉ. आंबेडकर नगर-रीवा एक्सप्रेस 8 से 14 अक्टूबर के बीच निर्धारित मार्ग के बजाय बीना मालखेड़ी, महादेवखेड़ी, गुना, रूठियाई और मक्सी होकर चलेंगी। - वेरावल-जबलपुर और जबलपुर-वेरावल एक्सप्रेस भी निर्धारित मार्ग के बजाय भोपाल-इटारसी होकर संचालित होंगी।
- रीवा-रानी कमलापति रीवांचल एक्सप्रेस 8 और 14 अक्टूबर को कटनी-जबलपुर-इटारसी होकर चलेगी।
ये ट्रेनें भी प्रभावित
- इसके अलावा हावड़ा-भोपाल, भोपाल-हावड़ा, भोपाल-धनबाद, धनबाद-भोपाल, भोपाल-चोपन, चोपन-भोपाल, भोपाल-सिंगरौली और सिंगरौली-भोपाल एक्सप्रेस के मार्ग में भी निर्धारित तिथियों पर बदलाव रहेगा।
- भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 15 अक्टूबर तक संत हिरदाराम नगर-मक्सी-रूठियाई-कोटा होकर चलेगी, जबकि जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस कोटा-रूठियाई-मक्सी-संत हिरदाराम नगर होकर भोपाल पहुंचेगी।
- 8 अक्टूबर को जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस कटनी-ओहन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होकर चलेगी।
तीसरी लाइन से परिचालन होगा सुगम
रेलवे के अनुसार यार्ड रीमाडलिंग और तीसरी रेल लाइन जुड़ने के बाद बीना-आगासौद क्षेत्र में ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ेगी। इससे भविष्य में रेल यातायात को अधिक सुगम और दक्ष बनाने में मदद मिलेगी।