
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के बाद भी 17 साल तक अपने ही भूखंड पर कब्जे के लिए भटक रहे बेथलेहेम नगर सोसाइटी के करीब 150 परिवारों को आखिरकार राहत मिल गई है। हुजूर तहसील के भोपाल बायपास स्थित सेवनिया ओंकारा की कालोनी में जिला प्रशासन ने सीमांकन कराकर सभी पंजीकृत प्लाट मालिकों को उनकी जमीन का कब्जा दिलाया।
लंबे समय से परेशान परिवार अब अपने भूखंडों पर मकान बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। दरअसल, इन परिवारों ने वर्षों पहले प्लाट खरीदे थे और उनकी रजिस्ट्रियां भी हो चुकी थीं, लेकिन कालोनाइजर ने भूखंडों की वास्तविक सीमाएं तय नहीं की थीं। नतीजतन, दस्तावेज होने के बावजूद खरीदार अपनी जमीन की पहचान और कब्जा हासिल नहीं कर पा रहे थे। कालोनी रेरा से अनुमोदित होने के बावजूद यह समस्या बनी हुई थी।
प्लॉट मालिकों ने जनसुनवाई में शिकायत करने के साथ अधिकारियों से व्यक्तिगत मुलाकात कर समस्या बताई थी। इसके बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया के नेतृत्व में तहसीलदार और पटवारियों की टीम ने करीब आठ महीने तक मामले की जांच की।
राजस्व अमले ने पुराने रिकार्ड खंगाले, रजिस्ट्रियों का मिलान किया और जमीन की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया। इसके बाद मौके पर सीमांकन कर प्रत्येक प्लाट की हद तय की गई। दस्तावेजों के आधार पर संबंधित परिवारों को उनके भूखंडों का कब्जा सौंपा गया।
यह भी पढ़ें- खजराना मंदिर के गर्भगृह में घुसने पर MLA के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला सहित 5 लोगों पर होगी कार्रवाई
बेथलेहेम नगर सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मैथ्यू अब्राहम ने प्रशासन का अभार व्यक्त करते हुए कहा कि करीब 150 परिवारों को वर्षों बाद उनके प्लाटों का कब्जा मिल सका है।