दीपावली पर भोपाल में नहीं जाएगी बिजली; 1880 कर्मचारी तीन शिफ्टों में संभालेंगे व्यवस्था
भोपाल में निर्बाध बिजली आपूर्ति और शिकायतों के निराकरण के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने 6 से 9 नवंबर तक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। ये तीन शिफ्टों में 24 घंटे काम करेंगे।
Publish Date: Fri, 06 Nov 2026 09:45:28 AM (IST)Updated Date: Fri, 06 Nov 2026 09:45:28 AM (IST)
फोटो एआई से तैयार की गई हैHighLights
- दीपावली पर 1880 से अधिक कर्मचारी संभालेंगे बिजली व्यवस्था
- 27 जोन और 33/11 केवी उपकेंद्रों पर विशेष टीमें तैनात
- 1912, उपाय एप और व्हाट्सएप से दर्ज करा सकेंगे शिकायत
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दीपावली पर शहर को रोशन रखने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने विशेष इंतजाम किए हैं। भोपाल शहर में बिजली आपूर्ति और शिकायतों के निराकरण के लिए 1880 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये कर्मचारी 6 से 9 नवंबर तक तीन शिफ्टों में चौबीसों घंटे काम करेंगे।
27 जोन में लगी ड्यूटी
कंपनी के अनुसार भोपाल शहर के पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण और कोलार संभाग के सभी 27 जोन व वितरण केंद्रों के साथ 33/11 केवी उपकेंद्रों पर विशेष टीमें तैनात रहेंगी। कर्मचारियों को बिजली सुधार कार्य के लिए वाहन, सुरक्षा उपकरण और आवश्यक विद्युत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। टीमें बिजली व्यवधान की शिकायतों का निराकरण करने के साथ निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करेंगी।
फोन पर करें शिकायत
दीपावली के दौरान उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कंपनी ने अपने कार्यक्षेत्र के कमिश्नरी, तहसील, ब्लॉक मुख्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों में भी अस्थायी शिकायत निवारण केंद्र बनाए हैं। कॉल सेंटर को पूरी तरह सक्रिय किया गया है। यहां प्रत्येक कॉल रिसीव करने की व्यवस्था के साथ एक कनिष्ठ अभियंता की चौबीसों घंटे ड्यूटी लगाई गई है।
बिजली संबंधी शिकायत के लिए उपभोक्ता 1912 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा उपाय एप और व्हाट्सएप चैटबाट नंबर 0755-2551222 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। भोपाल शहर में तैनात बिजली कर्मचारियों की जानकारी कंपनी की वेबसाइट पर दीपावली ड्यूटी चार्ट के माध्यम से उपलब्ध रहेगी।