
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। घर बैठे जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए फेसबुक पर दिए गए विज्ञापन पर भरोसा करना 76 वर्षीय सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने विज्ञापन के जरिए उन्हें लिंक भेजी और बैंक संबंधी जानकारी भरवाकर राशि निकाल ली। शिकायत मिलते ही क्राइम ब्रांच ने ठग का खाता फ्रीज करवाया और ठगी की रकम वापस करवा ली।
आरोपितों ने उक्त राशि से ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन से सामान खरीद लिया था। क्राइम ब्रांच के अनुसार पीड़ित शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा था। उसमें घर बैठे जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने की सुविधा देने का दावा किया गया था।
विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें एक लिंक भेजी और बैंक की जानकारी भरने को कहा। पीड़ित ने लिंक खोलकर जानकारी भर दी। इसके कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से दो लाख रुपये निकल गए।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। क्राइम ब्रांच की साइबर फ्राड इन्वेस्टिगेशन टीम ने एक्शन लेकर जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज से चित्रकूट आकर 650 रुपये का पेट्रोल डलवाकर क्यूआर कोड से भेजते थे 65 हजार रुपये
जांच में पता चला कि ठगी की रकम से अमेजन इंडिया के माध्यम से सामान खरीदा गया है और गाल में डिलीवरी का बोला है। पुलिस ने कंपनी को ई-मेल कर डिलीवरी रुकवा दी और दो लाख रुपये वापस खाते में जमा करवा लिए।