आखिरी अलविदा...भोपाल में पिता को 'बाय' करते वक्त 2 साल के मासूम की मौत, चौथी मंजिल से गिरा
भोपाल के जाटखेड़ी स्थित एपी एवेन्यू कॉलोनी में चौथी मंजिल की बालकनी से मासूम रोजाना की तरह बालकनी में खड़ा होकर पिता को विदा कर रहा था। मां के कुछ पल के लिए किचन में जाने के दौरान रेलिंग के पास पहुंचकर नीचे गिरा।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 08:41:31 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 08:41:31 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- भोपाल के जाटखेड़ी स्थित एपी एवेन्यू कॉलोनी में हादसा
- चौथी मंजिल की बालकनी से गिरकर दो साल के मासूम की मौत
- बालकनी में खड़ा होकर पिता को विदा कर रहा था बच्चा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पिता आफिस जाने के लिए घर से निकले तो दो साल का बेटा मां के साथ बालकनी में खड़ा होकर उन्हें बाय कर रहा था। पिता ने भी रोज की तरह पलटकर बेटे को देखा और आगे बढ़ गए। उन्हें क्या पता था कि यह बेटे की आखिरी विदाई होगी। कुछ ही पल बाद मुड़कर देखा तो उनकी आंखों के सामने जिगर का टुकड़ा चौथी मंजिल से नीचे जा गिरा। उसे बचाने के लिए पिता बदहवास दौड़े, अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद बेटे को नहीं बचा सके।
मां के किचन में जाते ही नीचे गिरा मासूम
हादसा गुरुवार दोपहर करीब एक बजे जाटखेड़ी स्थित एपी एवेन्यू कॉलोनी में हुआ। यहां शाद खान अपनी पत्नी और दो साल के इकलौते बेटे के साथ रहते हैं। पति-पत्नी दोनों इंजीनियर हैं। रोज की तरह मां-बेटा पिता को विदा करने बालकनी में पहुंचे थे। इसी दौरान मां गैस बंद करने के लिए किचन में चली गई। कुछ पल के लिए अकेला हुआ मासूम रेलिंग के पास पहुंचा और नीचे गिर गया।
बदहवास पिता ने बच्चे को बचाने लगाई दौड़
बेटे को गिरते देख पिता उसे बचाने दौड़े और तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने करीब तीन घंटे तक उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी सांसें थम गईं। जिस बालकनी से हर सुबह पिता को बेटे की मुस्कान के साथ विदाई मिलती थी, वहां अब जिंदगीभर का सन्नाटा रह गया। मिसरोद पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।