
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुलभ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। भोपाल में अब 10 और नई ई-बसों का संचालन आधिकारिक रूप से शुरू हो चुका है। इसके साथ ही शहर में दौड़ने वाली ई-बसों की कुल संख्या बढ़कर 20 हो गई है।
इस नए अपडेट से बैरागढ़, पुराने भोपाल, कोलार, एमपी नगर और आईएसबीटी जैसे व्यस्त इलाकों के बीच सफर करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा फायदा मिलने लगा है।
भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (BCLL) के अनुसार, नई बसों को शामिल करने का मुख्य उद्देश्य मुख्य मार्गों पर बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाना है। अब यात्रियों को बस स्टॉप पर लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और हर 10 से 15 मिनट के अंतराल में ई-बस उपलब्ध होगी।
यह नई बसें तीन प्रमुख रूटों - बी-35, बी-36 और बी-37 पर उतारी गई हैं, जो शहर के पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों को आपस में जोड़ती हैं।
रूट B-35 (बैरागढ़ से सलैया):
यह बस चिरायु अस्पताल से शुरू होकर लालघाटी, कलेक्ट्रेट, हमीदिया अस्पताल, रॉयल मार्केट, पीरगेट, कमला पार्क, रोशनपुरा, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस, बिट्टन मार्केट और बावड़िया चौराहा होते हुए आकृति इकोसिटी सलैया तक जाएगी।
रूट B-36 (रेलवे स्टेशन से कोलार):
कोच फैक्ट्री, निशातपुरा से शुरू होकर प्लेटफार्म नंबर-1, अशोका गार्डन, सुभाष नगर, चेतक ब्रिज, एमपी नगर, बिट्टन मार्केट, मनीषा मार्केट, बंसल अस्पताल, चूनाभट्टी और गेहूंखेड़ा होते हुए कोलार रोड (श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर) तक कनेक्टिविटी देगी।
रूट B-37 (बैरागढ़ से आईएसबीटी):
बैरागढ़ डिपो से रवाना होकर लालघाटी, हमीदिया अस्पताल, नादरा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन (प्लेटफॉर्म-6), जहांगीराबाद, पीएचक्यू, मिंटो हॉल, वल्लभ भवन, जिला न्यायालय और बोर्ड ऑफिस होते हुए आईएसबीटी पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- सबलगढ़-वीरपुर के बीच दौड़ी मेमू ट्रेन... 6.5 साल का इंतजार खत्म, जौरा में ग्रामीणों ने लाल झंडा दिखाकर रोकी