
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गांधीनगर थाना क्षेत्र में पति से विवाद के बाद 20 वर्षीय नवविवाहिता ने नेशनल हाईवे-46 पर खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के कारण बुधवार सुबह हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसे बचाने की कोशिश में पति के हाथ भी झुलस गए। घटना 18 अक्टूबर की रात बायपास रोड पर प्रिंस ढाबे के सामने हुई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान छिंदवाड़ा निवासी दीपाली प्रजापति के रूप में हुई है। करीब छह महीने पहले उसकी शादी रोहित कुशवाह से हुई थी। दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। शादी के बाद वे भोपाल के करोंद स्थित पूजा कालोनी में किराये से रह रहे थे। दीपाली 17 अक्टूबर को ग्वालियर से भोपाल लौटी थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि 18 अक्टूबर की रात रोहित बाइक से दीपाली को चाय पिलाने के लिए ले गया था। चाय पीने के बाद लौटते समय प्रिंस ढाबे के सामने किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दीपाली ने बाइक रुकवाई और बैग में रखी ज्वलनशील सामग्री का उपयोग कर खुद को आग लगा ली।
दीपाली को आग की लपटों में घिरा देख रोहित ने उसे बचाने की कोशिश की। उसने अपनी शर्ट उतारकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी। इस दौरान रोहित के हाथ भी झुलस गए। परिजन और राहगीरों की मदद से गंभीर हालत में दीपाली को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- MP के यात्रियों के लिए बड़ी खबर, भोपाल-बीना-कटनी रूट पर चार मेमू ट्रेनें कैंसिल, 19 ट्रेनों का रूट और स्टेशन बदला
गांधीनगर थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि दीपाली ने मृत्युपूर्व बयान में आवेश में आकर खुद आग लगाने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि वह पहले भी खुदकुशी की कोशिश कर चुकी थी। फिलहाल स्वजन ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पति के बयान और पारिवारिक पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है।