MP के 2000 जनशिक्षकों और BRCC-BAC को दो माह से नहीं मिला वेतन; नाराज कर्मचारियों ने खोला मोर्चा
सर्व शिक्षा अभियान के तहत प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत प्रदेश के करीब 2 हजार जनशिक्षकों, बीआरसीसी और बीएसी कर्मचारियों को दो महीने से वेतन नहीं मिला।
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 10:34:30 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 10:34:30 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- कर्मचारियों को दो महीने से वेतन नहीं मिला
- आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है
- संगठन ने मामला उच्च स्तर पर उठाने की चेतावनी दी
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। सर्व शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत करीब दो हजार जनशिक्षकों, बीआरसीसी और बीएसी कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है।वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जल्द भुगतान की मांग
वेतन भुगतान में देरी के बीच प्रभारी के तौर पर कार्य कर रहे कुछ कर्मचारियों को उनके मूल विद्यालय से वेतन मिलने की स्थिति भी सामने आई है। इसे लेकर शासकीय शिक्षक संगठन मध्यप्रदेश ने राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक को पत्र भेजकर लंबित वेतन का जल्द भुगतान कराने की मांग की है।
त्योहारों में जेब खाली
संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र कौशल ने कहा कि जनशिक्षक, बीआरसीसी और बीएसी कर्मचारी नियमित रूप से अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद दो माह से वेतन नहीं मिलना चिंताजनक है।
शासन को दी चेतावनी
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान भी वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में निराशा और असंतोष है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि लंबित वेतन का जल्द भुगतान नहीं किया गया तो मामले को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा और कर्मचारियों के हित में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।