नईदुनिया, प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और प्राचार्यों के 72,901 पद रिक्त हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक कुल 3.38 लाख स्वीकृत पदों में 2.65 लाख पदों पर शिक्षक कार्यरत हैं।
रिक्त पदों में से 59 हजार पद पदोन्नति से और 13,828 पद सीधी भर्ती से भरे जाने की तैयारी है। ऐसे में प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों के लिए आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को पदोन्नति की प्रक्रिया से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रदेश के प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों के लिए टीईटी आयोजित की जा रही है। करीब डेढ़ लाख शिक्षक इस दायरे में हैं। परीक्षा पास करने वाले पात्र शिक्षकों को आगामी पदोन्नति प्रक्रिया में अवसर मिल सकता है।
आंकड़ों के अनुसार कुल रिक्त पदों में 59 हजार से अधिक पद पदोन्नति से भरे जाने प्रस्तावित हैं। इससे लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह का कहना है कि जल्द ही 10 हजार शिक्षकों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जुलाई 2027 तक शिक्षकों के 13,828 पदों पर भर्ती
विभाग ने तीनों वर्गों के रिक्त करीब 18 हजार पदों को जुलाई 2027 तक भरा जाएगा।इनमें बैकलाग के 8 हजार और सीधी भर्ती के 10 हजार पद शामिल हैं।
विभाग की तैयारी जुलाई 2027 तक इन पदों को भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से भरने की है। वहीं, 2018 से अब तक करीब आठ वर्षों में प्रदेश में लगभग 40 हजार शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है। दूसरी ओर वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थी पिछले करीब 20 दिनों से भर्ती में पद बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
माध्यमिक शिक्षक के 43,613 पद खाली
सबसे बड़ा आंकड़ा माध्यमिक शिक्षकों का है।स्वीकृत 1,18,214 पदों में 74,601 पद कार्यरत हैं, जबकि 43,613 पद खाली हैं।इनमें 40,180 पद पदोन्नति और 3,433 पद सीधी भर्ती से भरे जाने हैं।
उच्च माध्यमिक शिक्षकों के 19,319 पद रिक्त
वहीं व्याख्याता/उच्च माध्यमिक शिक्षक के 55,056 स्वीकृत पदों में 35,737 पद कार्यरत हैं। इस संवर्ग में 19,319 पद रिक्त हैं।इनमें 14,784 पद पदोन्नति और 4,535 पद सीधी भर्ती से भरे जाने हैं। अंग्रेजी, गणित और विज्ञान जैसे मुख्य विषयों में शिक्षकों की कमी से 10वीं व 12वीं के परीक्षा परिणाम पर पड़ता है।
प्राथमिक स्तर पर अपेक्षाकृत कम रिक्तियां
प्राथमिक शिक्षकों के 1,53,426 स्वीकृत पदों में 1,49,366 कार्यरत हैं। इसमें 4,060 पद रिक्त हैं। वहीं माध्यमिक शिक्षक संगीत एवं खेल के 2,646 पदों में 1,111 और प्राथमिक शिक्षक संगीत, नृत्य एवं खेल के 2,280 पदों में 1,024 पद खाली हैं।
प्रदेश के स्कूलों का वर्गवार आंकड़ें
कुल स्वीकृत पद: 3,38,787
कुल कार्यरत: 2,47,225
उच्च पद के प्रभार सहित कार्यरत: 2,65,886
कुल रिक्त पद: 72,901
पदोन्नति से भरे जाने वाले रिक्त पद: 59,073
सीधी भर्ती से रिक्त पद: 13,828
स्कूल शिक्षा विभाग प्राचार्य एवं शिक्षकों की उपलब्धता
| संवर्ग | स्वीकृत पद | कार्यरत | रिक्त पद |
| प्राचार्य उमावि | 3,332 | 1,270 | 2,062 |
| प्राचार्य हाईस्कूल | 3,833 | 2,121 | 1,712 |
| व्याख्याता/उच्च माध्यमिक शिक्षक | 55,056 | 35,737 | 19,319 |
| माध्यमिक शिक्षक | 1,18,214 | 74,601 | 43,613 |
| प्राथमिक शिक्षक | 1,53,426 | 1,49,366 | 4,060 |
| माध्यमिक संगीत एवं खेल | 2,646 | 1,535 | 1,111 |
| प्राथमिक संगीत एवं खेल | 2,280 | 1,256 | 1,024 |