
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 18 जिलों में 21 नए औद्योगिक क्षेत्र बनाए जाएंगे। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। भोपाल जिले में आरा मशीन क्लस्टर के लिए रातीबड़ के अलावा आगरिया छापर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।
विभागीय मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने बताया कि प्रदेश के 18 जिलों में 412 हेक्टेयर भूमि पर नए औद्योगिक क्षेत्र अधिसूचित किए गए हैं। इनके विकास से प्रदेश के विभिन्न अंचलों में उद्यमियों को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं विस्तार के लिए विकसित भूमि उपलब्ध हो सकेगी। स्थानीय संसाधनों एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहन मिलेगा। रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें- एमपी में अब गांव में ही मिलेगा आयुर्वेद-होम्योपैथी-यूनानी इलाज, 318 नए डॉक्टरों की हुई नियुक्ति
भोपाल में रातीबड़ (आरा मशीन क्लस्टर) और आगरिया छापर, पन्ना में बड़ा गांव, सीहोर में इच्छावर, देवास में कालूखेड़ी, बुरहानपुर में सातापयरी, सीधी में बाड़ीटोला, धार में रायण और सरदारपुर, रायसेन में समनापुर जागीर, शिवपुरी में बदरवास, खरगोन में डाबरिया, निवाड़ी में निवाड़ी भाटा, नीमच में सगराना, कटनी में टिकरिया, जबलपुर में मोहिनिया, बड़वानी में घटवा, मंदसौर में पानपुर, छतरपुर में धामची, निवाड़ी में बड़ेडी जंगल और बैतूल में उड़दन गुड़ क्लस्टर।