
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश के गांवों में अब आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी का इलाज घर के पास ही मिलेगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने संविदा आरबीएसके चिकित्सा अधिकारी के कुल 318 पदों पर नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। इनमें आयुर्वेदिक के 148, होम्योपैथी के 148 और यूनानी के 22 डॉक्टर शामिल हैं। सभी को 36,200 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।
ये डॉक्टर जिलों के ब्लॉकों में पदस्थ होंगे। वे बच्चों की स्वास्थ्य जांच, स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम, एनीमिया, पोषण, टीकाकरण और आम बीमारियों के इलाज में मदद करेंगे। ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से आयुष डॉक्टरों की कमी थी।
सर्दी-खांसी, बुखार, पेट दर्द जैसी आम बीमारियों के लिए भी लोगों को जिला अस्पताल जाना पड़ता था। अब ब्लॉक स्तर पर डॉक्टर मिलने से समय और पैसा बचेगा। बच्चों की स्कूलों में नियमित जांच भी हो सकेगी, जिससे बीमारी का शुरुआती दौर में ही पता चल जाएगा।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के मौसम ने ली करवट, दिन में बढ़ी तपिश, रात की ठिठुरन बरकरार; अगले सप्ताह से फिर बढ़ेगी ठंड