
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की करेंसी जांच में 100 रुपये के 22 जाली नोट मिलने का मामला सामने आया है। ये सभी नोट बैंक ऑफ इंडिया के धार स्थित करेंसी चेस्ट से भोपाल पहुंची नोटों की खेप में मिले हैं।
आरबीआई के निर्गम विभाग की शिकायत पर एमपी नगर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर नकली नोटों के स्रोत की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को आरबीआई के प्रबंधक गौरव सोहगौरा अन्य अधिकारियों के साथ थाने पहुंचे और नकली नोटों की सूची सहित संबंधित दस्तावेज सौंपे। आरबीआई के पत्र के अनुसार सितंबर 2026 में विभिन्न बैंकों के करेंसी चेस्ट से प्राप्त नोटों की छंटाई के दौरान ये जाली नोट पकड़े गए थे।
इनकी पहचान करेंसी वेरिफिकेशन एंड प्रोसेसिंग सिस्टम (सीवीपीएस) के जरिए की गई। जांच में सामने आया कि 22 नकली नोटों में 21 पुराने डिजाइन के हैं, जबकि एक नए डिजाइन का है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने रद किया जिला बदर का आदेश, भोपाल के राकेश साधवानी को राहत
आरबीआई के नियमानुसार एक ही लेन-देन में पांच या उससे अधिक नकली नोट मिलने पर पुलिस में एफआईआर दर्ज कराना आवश्यक है। इसी आधार पर शिकायत की गई। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि जाली नोट धार के करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे और इन्हें किसने जमा कराया था।