MP में साइबर अलर्ट: 22 सरकारी वेबसाइट्स बंद, अपडेट हो रहा PHP का वर्जन
22 अक्टूबर को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र ने साइबर हमले और डाटा चोरी की आशंका को लेकर चेतावनी दी थी। सरकारी डेटा सुरक्षित रखने के लिए एहतियाती कदम उठाया गया है।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 02:56:09 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 02:56:09 PM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार फोटो।HighLights
- मध्य प्रदेश में पीएचपी वर्जन किया जा रहा अपडेट
- 22 सरकारी वेबसाइट अस्थायी रूप से ऑफलाइन
- अपडेट पूरा होने के बाद इन्हें दोबारा शुरू हाेंगी
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश की 22 सरकारी वेबसाइट फिलहाल बंद कर दी गई हैं। इन वेबसाइट के सर्वर में इस्तेमाल हो रहे पीएचपी (प्रोग्रामिंग लैंग्वेज) के वर्जन को अपडेट किया जा रहा है। पीएचपी सर्वर के जरिये सरकारी संस्थाओं के कंप्यूटर सिस्टम में सेंध लगाने और साइबर हमले की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। एहतियात के तौर पर वेबसाइट को ऑफलाइन कर दिया गया है, ताकि सरकारी डाटा की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
देशभर में जारी अलर्ट
बता दें कि राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) ने 22 अक्टूबर को मध्य प्रदेश सहित देशभर के लिए अलर्ट जारी कर चेताया था। प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एम सेल्वेंद्रन ने बताया कि डाटा को किसी तरह का खतरा न रहे, इसलिए वेबसाइट बंद की गई हैं। पीएचपी के वर्जन को अपडेट करने का काम किया जा रहा है। अपडेशन पूरा होने के बाद एक-एक कर वेबसाइट फिर से चालू कर दी जाएंगी।
दरअसल, पीएचपी का उपयोग वेबसाइट बनाने और उनके संचालन के लिए किया जाता है। 90 प्रतिशत शासकीय वेबसाइट पीएचपी वर्जन में बनी हैं।
हर विभाग में हो विशेषज्ञ टीम
साइबर विशेषज्ञ अभिषेक चौरिया का कहना है कि पुलिस सहित सभी सरकारी विभागों में साइबर सुरक्षा और जांच के लिए समर्पित विशेषज्ञ टीम होनी चाहिए। इससे हमलों की रोकथाम और घटना के बाद तत्काल जांच में मदद मिलेगी।
विदेशों में साइबर हमलों से होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए संस्थानों का साइबर इंश्योरेंस कराया जाता है। प्रदेश के सरकारी विभागों को भी इस दिशा में प्रयास करना चाहिए। सभी संस्थानों को विंडोज और सॉफ्टवेयर नियमित रूप से अपडेट रखने चाहिए।
चौरिया ने कहा कि कमजोर पासवर्ड, फिशिंग ईमेल, खुले रिमोट डेस्कटाप और पुराने सॉफ्टवेयर से हमलावर सिस्टम में प्रवेश कर सकते हैं। उन्होंने विंडोज सिस्टम अपडेट रखने, प्रमाणित एंटीवायरस और ईडीआर का इस्तेमाल करने, मजबूत पासवर्ड तथा मल्टी फैक्टर अथेंटिकेशन अपनाने की सलाह दी।
नियमित बैकअप लेने, पेन ड्राइव के इस्तेमाल से बचने और नेटवर्क को अलग-अलग हिस्सों में बांटने को भी कहा है।