भोपाल की पत्रकारिता यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्रा से रेप; वहीं की महिला कर्मचारी का पति गिरफ्तार
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय परिसर में एक 22 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। रातीबड़ पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 40 वर्षीय आरोपित अमनदीप सिंह भामरा को गिरफ्तार कर लिया है।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 02:07:21 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 02:41:54 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- पत्रकारिता विश्वविद्यालय परिसर में 22 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया
- शादी का झांसा देकर अगस्त 2026 से शोषण करने का आरोप
- महिला कर्मचारी के पति 40 वर्षीय आरोपित को रातीबड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय परिसर में एक 22 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। रातीबड़ पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 40 वर्षीय आरोपित अमनदीप सिंह भामरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित विश्वविद्यालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी का पति है और परिसर स्थित आवास में ही रहता है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म
रातीबड़ थाने के एसआई गौरव पांडेय ने बताया कि छात्रा का आरोपित के आवास पर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ और मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान होने के बाद फोन पर बातचीत शुरू हो गई। बातचीत के क्रम में आरोपित ने छात्रा को अपनी बातों में उलझा लिया और शादी का झांसा दिया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपित ने अगस्त 2026 में छात्रा के साथ पहली बार दुष्कर्म किया और इसके बाद भी लगातार संबंध बनाता रहा।
पीड़िता ने की थाने में शिकायत
पीड़िता द्वारा जब भी शादी का दबाव बनाया जाता, तो आरोपित हर बार बात टाल जाता था। बीते कुछ दिनों से आरोपित ने छात्रा से फोन पर बातचीत भी बंद कर दी थी।इससे परेशान होकर पीड़िता ने बुधवार को रातीबड़ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले देखते हुए आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआइआर दर्ज की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।