
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर की सफाई और सुंदरीकरण पर हर साल 250 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं, लेकिन नतीजा यह है कि राजधानी स्वच्छता के राष्ट्रीय सम्मान की दौड़ से बाहर हो गई। जिस भोपाल ने सात साल की मेहनत के बाद देश के दूसरे सबसे साफ शहर का तमगा हासिल किया था, उसे अब 11 नवंबर को नई दिल्ली में होने वाले स्वच्छता पुरस्कार समारोह का न्योता तक नहीं मिला। करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी शहर की यह स्थिति नगर निगम के उन दावों पर बड़ा सवाल है, जिनमें भोपाल को स्वच्छता का माडल बताया जाता रहा है।
वहीं, भोपाल को सम्मान समारोह का न्योता नहीं मिलने पर मंगलवार को कांग्रेसियों ने नगर निगम मुख्यालय अटल भवन परिसर में झाड़ू लगाकर प्रदर्शन किया। निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने रैंकिंग में गिरावट की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए महापौर मालती राय से इस्तीफे की मांग की है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लिए केंद्रीय सर्वेक्षण दलों द्वारा देश के 4900 से अधिक शहरों की सफाई व्यवस्था का आकलन करने के बाद सम्मान के लिए 57 शहरों को चुना गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में चयनित शहरों को सम्मानित करेंगी। मध्यप्रदेश के नौ शहरों को समारोह का बुलावा मिला है, लेकिन राजधानी भोपाल सूची से गायब है।
सुपर स्वच्छ लीग में भोपाल को बैरसिया की मेंटरिंग की जिम्मेदारी मिली थी। निगम ने बैरसिया में मशीनें भेजीं, सफाई के लिए अभियान चलाया और थ्री-बिन सिस्टम अपनाने की समझाइश दी, लेकिन भोपाल-बैरसिया की जोड़ी भी सम्मान की दौड़ में जगह नहीं बना सकी। नगर निगम के अधिकारी सोमवार से ही आमंत्रण का इंतजार करते रहे, लेकिन बुलावा नहीं आया।
यह भी पढ़ें- उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा 2028 का विधानसभा चुनाव, गुना में बोले दिग्विजय सिंह
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में भोपाल ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में 12,067 अंकों के साथ देश में दूसरा स्थान हासिल किया था। कचरा मुक्त शहरों की श्रेणी में 7 स्टार रेटिंग और वाटर प्लस का दर्जा भी मिला था। शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। सर्वेक्षण के मैदानी मूल्यांकन पर भी सवाल उठे हैं।
यह भोपाल के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है। नगर निगम स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा करता है, लेकिन इसके बावजूद भोपाल राष्ट्रीय सम्मान की सूची से बाहर हो गया। जब नगर निगम के पास संसाधनों की कमी नहीं थी, फिर भी भोपाल अपनी पहचान खो बैठा। करोड़ों रुपये खर्च हुए, बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन परिणाम सबके सामने है। अब नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। यदि नगर निगम स्वच्छता के मामले में भोपाल को नंबर-एक बनाए रखने में असफल रहा है, तो महापौर और नगर निगम के नेतृत्व को नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।- शबिस्ता जकी, नेता प्रतिपक्ष, नगर निगम