
नवदुनिया प्रतिनिधि, गुना। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को गुना में उद्घाटन कार्यक्रम में मीडिया से अनौपचारिक चर्चा करते हुए राजनीति, धर्म और आगामी चुनावों पर बात की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में आगामी 2028 का विधानसभा चुनाव पार्टी के प्रमुख नेताओं उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। साथ ही उन्होंने भाजपा की विचारधारा, किसानों की समस्याओं और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखी।
भाजपा की विचारधारा पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा का सनातन हिंदुत्व नहीं है, बल्कि उनका सावरकर हिंदुत्व है और सावरकर का हिंदुत्व समाज को बांटने का काम करता है। सोनिया गांधी की हालिया किताब पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करके अपना बड़प्पन दिखाया है।
उन्होंने कहा कि भले ही कांग्रेस और भाजपा की विचारधारा कभी मेल नहीं खाई हो, लेकिन एक सामान्य परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री बनने वाले व्यक्ति के संघर्ष की सराहना करना बड़प्पन को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की कोई गुटबाजी नहीं है।
प्रदेश के किसानों की बदहाली पर आक्रोश जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर इशारा करते हुए कहा कि जब सांसद और केंद्र सरकार के मंत्री यहीं के हैं, तो किसानों की सुध क्यों नहीं ली जा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ किसानों की लड़ाई को लड़ेगी। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि गुना जिले में यदि कहीं भी अवैध कब्जा हुआ है, तो उसे हटाने की पूरी जवाबदेही वर्तमान भाजपा सरकार की है।
यह भी पढ़ें- MP में पुलिस थानों की संख्या बढ़कर 1176, इंदौर में खुलेंगे 3 नए थाने, स्वीकृत पदों में 2673 की बढ़ोतरी
बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि वे भगवान कृष्ण पर दी गई उनकी टिप्पणी से बिल्कुल सहमत नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि धीरेंद्र शास्त्री के पास लोगों के मन की बात भांपने या दिमाग पढ़ने की क्षमता है, लेकिन साथ ही तंज कसते हुए कहा कि जिन-जिन नेताओं ने उनके यहां कथा कराई थी, वे सभी चुनाव हार गए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा SIR को लेकर जताई गई आपत्ति का समर्थन करते हुए दिग्विजय सिंह ने मांग की कि इसे समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के अधिकारी ज्ञानेश कुमार को देश की जनता को जवाब देना चाहिए कि आखिर किसके आदेश पर एसआइआर की प्रक्रिया कराई जा रही है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों के संबंध में उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना भी जताई।