
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अवधपुरी इलाके में आवारा कुत्तों के पीछे दौड़ने से स्कूटी सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने 20 दिन तक उपचार के बाद बुधवार को दम तोड़ दिया। युवक डीजे संचालित करता था और म्यूजिक स्टूडियो का भी काम करता था। अवधपुरी पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार 27 वर्षीय रवदीप सिंह नौ अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे अपनी स्कूटी से भेल की ओर जा रहा था। वह सुरभि एवेन्यू में परिवार के साथ रहता था। कॉलोनी से निकलकर जैसे ही वह मुख्य अवधपुरी रोड पर पहुंचा, आवारा कुत्ता उसके पीछे दौड़ने लगे। उनसे बचने के प्रयास में रवदीप ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ाई, लेकिन अवधपुरी तिराहे पर एसबीआई बैंक के सामने वह संतुलन खो बैठा और स्कूटी समेत सड़क पर गिर गया।
हादसे में उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अरेरा कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने के कारण उसका इलाज जारी था। बुधवार को नर्मदा अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
रवदीप डीजे और म्यूजिक से जुड़े काम करता था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता भेल से सेवानिवृत्त हैं। हादसे में बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आवारा कुत्तों के कारण हुए इस हादसे ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर उनकी समस्या और लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- 6 मौतों से दहला शिवपुरी, अब तीन बच्चों समेत कुएं में कूदी दूसरी बहन, पहले बेटे समेत कूदी थी छोटी बहन