6 मौतों से दहला शिवपुरी, अब तीन बच्चों समेत कुएं में कूदी दूसरी बहन, पहले बेटे समेत कूदी थी छोटी बहन
शिवपुरी जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो बहनों समेत 6 लोगों की मौत हो गईं।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 05:10:11 PM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 06:09:47 PM (IST)
शिवपुरी जिले में 6 मौतों से पसरा मातम, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- शिवपुरी जिले में 6 मौतों से पसरा मातम
- दो बहनों समेत कुल 6 लोगों की मौत
- पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
डिजिटल डेस्क, शिवपुरी। मध्य प्रदेश का शिवपुरी जिला 6 लोगों की मौतों से दहल उठा है। यहां दो बहनों ने अपने-अपने बच्चों समेत कुएं में कूदकर खुदकुशी कर ली। इस खौफनाक कदम से गर्भवती महिला और उसकी सगी बहन समेत कुल 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
गौरतलब है कि, पहले बुधवार को शिवपुरी के बैराड़ थाना क्षेत्र के गुंगरगांव में घटना हुई। यहां पर 35 वर्षीय अंजली रावत ने अपनी तीन बेटियों को कुएं में धकेल दिया और बाद में 6 साल के बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी।
इस दौरान गनीमत रही कि अंजली की सबसे बड़ी बेटी मोनिका किसी तरह खुद को और अपनी दो छोटी बहनों को बचाने में कामयाब हो गई। वह तुरंत घर दौड़ी और परिवार वालों को पूरे मामले की जानकारी देकर मौके पर बुलाकर ले आईं।
डेढ़ महीने पहले हुई थी पति की मौत
परिजनों ने कड़ी मशक्कत करने के बाद अंजली और बेटे प्रशांत को बाहर निकाला लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि, डेढ़ महीने पहले अंजली के पति धर्मवीर रावत की सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी।
पति की मौत के बाद अंजली मानसिक तनाव में रहने लगी। अब भारी तनाव के बाद अंजली ने यह खौफनाक कदम उठाया। अब मामले से जुड़ी दूसरी घटना के बाद शिवपुरी पूरी तरह दहल उठा।
बता दें कि, दूसरी घटना सेसाई गांव की है, जो पहली घटना से जुड़ी हुई बताई जा रही है। अंजली की सगी बहन 40 वर्षीय सीता रावत बुधवार को अपने तीन बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ खोनकर गांव के एक खेत में गईं थीं। जब शाम करीब 6 बजे तक वे वापस नहीं लौटे, तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस ने बाहर निकाले शव
तलाशी के बाद परिजनों को एक कुएं के पास चप्पल और पानी के अंदर एक बच्चे का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने रात करीब 11 बजे रेस्क्यू कर सीता और उनके तीनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले। पुलिस ने बताया कि सीता 8 महीने की गर्भवती थीं, इस दर्दनाक हादसे में उनके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों बहनों के बीच काफी गहरा रिश्ता था। वह एक-दूसरे के साथ हर सुख दुख में रहती थी। रिश्तेदारों का कहना है कि अंजली रावत की मौत के बाद उसकी बहन सीता रावत ने यह खौफनाक कदम उठाया है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। दोनों घटना में हुई कुल 6 मौतों से शिवपुरी जिला दहल उठा है।