नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों और कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में बड़ी पहल की है। विभाग द्वारा 27 सितंबर से प्रदेशभर में शुरू किए गए कर्मचारी कल्याण शिविरों में महज तीन दिन के भीतर 36 हजार से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया गया है।
इनमें क्रमोन्नति, पेंशन, अवकाश, निलंबन से बहाली और परिवीक्षा अवधि जैसे मामले शामिल हैं।
शिविरों में हुआ समाधान
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह की सीधी निगरानी में आयोजित इन शिविरों में सबसे अधिक 28 हजार 107 लोक सेवकों को क्रमोन्नति का लाभ दिया गया। इसके अलावा 519 कर्मचारियों के अर्जित अवकाश स्वीकृत किए गए।
57 निलंबित कर्मचारियों की बहाली की गई और 1,555 पेंशन प्रकरणों का निपटारा किया गया। लंबित अनुपस्थिति के 168 मामलों का समाधान हुआ, वहीं 5,636 कर्मचारियों की परिवीक्षा अवधि समाप्त करने की कार्रवाई पूरी की गई।
अनुकंपा नियुक्तियां भी मिलीं
उल्लेखनीय है कि इससे पहले विभाग ने दिवंगत शिक्षकों और कर्मचारियों के स्वजनों को 900 से अधिक अनुकंपा नियुक्ति के आदेश जारी किए थे। विभाग ने इस अभियान को व्यवस्थित तरीके से अंजाम दिया।
शिविर शुरू होने से पहले आयुक्त ने गूगल शीट फार्म जारी कर सभी जिलों के शिक्षकों और कर्मचारियों से लंबित समस्याओं की जानकारी मांगी थी।
तत्काल हुआ निराकरण
अधिकारियों की लेटलतीफी के कारण अटके मामलों को सूचीबद्ध कर जिला शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट ली गई और फिर शिविरों के माध्यम से उनका मौके पर ही निराकरण कराया गया।
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने इंटरनेट मीडिया पर लिखा कि समस्या लेकर आए कर्मचारी, समाधान लेकर लौटे।