आदमपुर खंती में 3.07 लाख टन कचरे का होगा निष्पादन, भोपाल में धूल नियंत्रण व अतिक्रमण पर भी सख्ती
Interview: शहर की स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर नगर निगम के अपर आयुक्त अमन मिश्रा से नईदुनिया ने बातचीत की। उनके पास स्वच्छ भारत मिशन, स्वास्थ्य शाखा, केंद्रीय कर्मशाला, परिवहन और अतिक्रमण शाखा सहित प्रमुख विभागों का प्रभार है।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 03:11:40 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 03:11:40 PM (IST)
अमन मिश्रा,अपर आयुक्त, नगर निगमHighLights
- आदमपुर खंती में अब तक 3.07 लाख टन पुराने कचरे का निष्पादन
- निगम आयुक्त और अधिकारी कर रहे सफाई व्यवस्था की निगरानी
- न्यू मार्केट सहित प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, पुराने कचरे के निष्पादन, वायु प्रदूषण नियंत्रण और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आदमपुर खंती में पुराने कचरे के निष्पादन की प्रगति से लेकर सुबह के औचक निरीक्षण और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण तक, अलग-अलग स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है।
नगर निगम का लक्ष्य सफाई व्यवस्था को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय नियमित और प्रभावी बनाना है। इन प्रयासों, कार्ययोजना और शहर की स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर नगर निगम के अपर आयुक्त अमन मिश्रा से नईदुनिया ने बातचीत की। उनके पास स्वच्छ भारत मिशन, स्वास्थ्य शाखा, केंद्रीय कर्मशाला, परिवहन और अतिक्रमण शाखा सहित प्रमुख विभागों का प्रभार है।
सवाल: आदमपुर खंती में पुराने कचरे के निष्पादन की वर्तमान स्थिति क्या है और इसे कब तक पूरा करने का लक्ष्य है?
जवाब: आदमपुर खंती में अब तक करीब 3 लाख 7 हजार टन पुराने कचरे का निष्पादन किया जा चुका है। इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार द्वारा भी हर सप्ताह की जा रही है। नगर निगम का प्रयास है कि मार्च 2027 तक खंती में मौजूद पुराने कचरे का पूर्ण निष्पादन कर लिया जाए। इसके लिए प्रक्रिया को गति देने के साथ लगातार निगरानी की जा रही है।
सवाल: शहर की नियमित सफाई व्यवस्था और कचरा उठाने की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं?
जवाब : सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। निगम आयुक्त, अपर आयुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारी सुबह औचक निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सफाई, कचरा संग्रहण और संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती है। उद्देश्य यह है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में नियमित सफाई हो और नागरिकों को बेहतर स्वच्छता व्यवस्था मिले। अधिकारियों की मैदानी मौजूदगी से व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सवाल: स्वच्छ वायु के लिए नगर निगम की क्या कार्ययोजना है?
जवाब: स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में भोपाल ने बेहतर प्रदर्शन किया है। शहर के दो वार्डों को भी राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पुरस्कार मिले हैं। धूल नियंत्रण के लिए प्रभावित क्षेत्रों में नियमित पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। एनकैप की बैठक में संबंधित विभागों को निर्माण स्थलों की निगरानी और प्रदूषण नियंत्रण के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वायु गुणवत्ता में सुधार हो सके।
सवाल : शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए विशेष रूप से किन क्षेत्रों पर ध्यान दिया जा रहा है?
जवाब : अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम का अमला प्रतिदिन कार्रवाई कर रहा है। न्यू मार्केट सहित प्रमुख बाजारों में लगातार निगरानी की जा रही है। फुटपाथ और सड़कों पर हॉकर्स को दुकानें लगाने से रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि पैदल चलने वालों को सुविधा मिले और यातायात व्यवस्थित रहे। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नियमित कार्रवाई जारी है।