
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के सैकड़ों परिवारों के अपने घर का सपना पूरा होने जा रहा है। शुक्रवार को हुई नगर निगम की महापौर परिषद (MIC) की बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 500 से अधिक हितग्राहियों को आवास आवंटन और रजिस्ट्री की मंजूरी दे दी गई। बैठक में रखे गए 16 में से 14 प्रस्तावों पर मुहर लगी, जबकि दो अहम प्रस्ताव अगली बैठक के लिए टाल दिए गए।
एमआईसी ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 12वीं कक्षा की प्रदेश टॉपर चांदनी विश्वकर्मा को कलखेड़ा प्रोजेक्ट में ईडब्ल्यूएस आवास देने को मंजूरी दी है। इसके अलावा जवाहर चौक टीनशेड के 19 पात्र आवेदकों को भौंरी में मकान मिलेंगे। परिषद ने राजेंद्र नगर में 288, अरेड़ी में 53 और भौंरी, 12 नंबर बस स्टॉप व गंगा नगर प्रोजेक्ट में 143 हितग्राहियों के नामों को हरी झंडी दी है।
कलखेड़ा के 15 अपात्र आवेदकों के पंजीयन निरस्त कर राशि लौटाई जाएगी। भौंरी के 212 थ्री-बीएचके डुप्लेक्स और 145 प्लॉट ई-टेंडर सह ई-नीलामी से बेचे जाएंगे, जबकि अरेड़ी के एलआईजी डुप्लेक्स की कीमत 61 लाख रुपये तय हुई है।
यह भी पढ़ें- नकली हॉलमार्क लगाकर बेच रहे थे सोने के गहने, BIS की 3 टीमों ने नीमच में मारा छापा, 50 लाख के आभूषण जब्त
बुनियादी ढांचे के तहत सनखेड़ी सीवेज प्लांट से सतगढ़ी औद्योगिक क्षेत्र तक 15.18 करोड़ रुपये की लागत से रोजाना दो एमएलडी ट्रीटेड पानी सप्लाई करने के पीपीपी प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है। डिपो चौराहे से पॉलिटेक्निक चौराहे तक का लाड़ली लक्ष्मी पथ निगम को हस्तांतरित होगा और धोबीघाट का सामुदायिक भवन प्रोफेसर कॉलोनी शिफ्ट किया जाएगा।
कार्यपालन यंत्री बृजेश कौशल के निलंबन की भी पुष्टि की गई। वहीं, सीवेज विभाग के 13 हाई-टेंशन कनेक्शनों को कैप्टिव सोलर प्रोजेक्ट में जोड़ने और 2025-26 की बैलेंस शीट पर फैसला अगली बैठक तक टल गया।