किराए पर ली लग्जरी कारें गिरवी रखीं और बेचीं, फिर डुप्लीकेट चाबी से चुराईं, भोपाल में 3 गिरफ्तार
किराए पर लग्जरी कारें लेकर गिरवी रखने और बेचने के बाद डुप्लीकेट चाबी से चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने सरगना जमीर समेत तीन गिरफ्तार किया है।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 09:16:41 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 09:16:41 AM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार फोटो।HighLights
- कारें किराए पर लेकर बेचने व दूसरी चाबी से चुराने वाले गिरोह का खुलासा
- सरगना जमीर समेत तीन गिरफ्तार, शिमला तक नेटवर्क के तार जुड़े
- भोपाल साइबर क्राइम में पदस्थ सिपाही की भूमिका संदेह के घेरे में
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। टूर एंड ट्रैवल्स के नाम पर लग्जरी कारें किराए पर लेकर उन्हें गिरवी रखने और बेचने के बाद डुप्लीकेट चाबी से चोरी करने वाले गिरोह का शाहपुरा पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह वाहन मालिकों को सरकारी विभागों और निजी लोगों के पास गाड़ियां अटैच कराने का झांसा देकर महंगी कारें हासिल करता था।
कुछ समय किराया देने के बाद गाड़ियों को दूसरे राज्यों में बेच या गिरवी रख देता और फिर उन्हीं कारों को दूसरी चाबी से चुराकर गायब कर देता था। शक से बचने के लिए कुछ मामलों में वाहन वापस भी कर दिए जाते थे।
दूसरे राज्य में बेचते थे
पुलिस ने सरगना जमीर समेत आजम खान और पवन गौतम को गिरफ्तार किया है। एक कार बरामद की गई है। शुरुआती जांच में नेटवर्क के तार शिमला तक जुड़े मिले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित आकर्षक किराए का लालच देकर कार मालिकों का भरोसा जीतते थे। शुरुआत में कुछ महीने किराया देने के बाद गाड़ियों से जीपीएस निकालकर दूसरे राज्यों में बेच देते या गिरवी रख देते थे।
सात दिन की रिमांड लिया
भोपाल में इस तरीके से ठगी के करीब दस मामले बागसेवनिया, शाहपुरा और चूनाभट्टी थानों में दर्ज हैं। कई शिकायतें जांच में हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े सौरभ तिवारी समेत अन्य लोगों की तलाश और भूमिका की जांच कर रही है। शुक्रवार को पुलिस ने घेराबंदी कर जमीर और आजम को अशोकागार्डन से, जबकि पवन गौतम को नेहरूनगर से गिरफ्तार किया। तीनों को कोर्ट में पेश कर सात दिन की रिमांड पर लिया गया है।
कुछ आरोपितों के शिमला में कार बेचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि अब तक कारें जब्त नहीं हुई हैं। पहले भी रेंटल कार ठगी में सामने आया जमीर का नामजमीर का नाम पहले भी बागसेवनिया थाने में रेंटल कार धोखाधड़ी के मामले में सामने आ चुका है।
वहीं, दानिश उर्फ इंद्रपुरी का नाम जहांगीराबाद में जुए के अड्डे पर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के दौरान सामने आया था। उस कार्रवाई में वाहन जब्त होने की जानकारी भी मिली थी। पुलिस पुराने मामलों और मौजूदा गिरोह के बीच संबंध खंगाल रही है।
तीन कारों से जुड़े मामले, एक बरामद; बाकी की तलाश
एसीपी हबीबगंज कार्निक श्रीवास्तव ने बताया कि शाहपुरा थाने में तीन वाहनों से संबंधित मामले दर्ज हैं। जमीर की गिरफ्तारी के बाद एक कार बरामद की गई है। गिरोह के अन्य सदस्यों, नेटवर्क और बाकी वाहनों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जांच में ठगी की अन्य कारें मिलने की संभावना है।
आरोपियों की पैरवी करने थाने पहुंचा सिपाही
गिरोह में साइबर क्राइम में पदस्थ एक सिपाही की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। जमीर ने पूछताछ में दानिश उर्फ इंद्रपुरी, प्रतीक और सिपाही के नाम बताए हैं। आरोप है कि सिपाही गिरोह को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी देता और गिरफ्तारी से बचने के तरीके बताता था। जमीर की गिरफ्तारी के बाद दानिश और प्रतीक को बचाने वह शाहपुरा थाने पहुंचा।
पुलिस अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए नेताओं से फोन भी करवाए, लेकिन पुलिस ने पैरवी नहीं मानी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों से भूमिका जांच सकती है। फिलहाल उसकी संलिप्तता के पुख्ता प्रमाण सामने नहीं आए हैं।