भोपाल: जेल से छूटते ही चुराईं 11 बाइक; रायसेन-विदशा में खपाते थे वाहन, 4 गिरफ्तार
गिरोह का मुख्य आरोपी माजिद खान जेल से छूटने के बाद फिर चोरी में सक्रिय हो गया था। वह भोपाल की गलियों में बाइक की रैकी कर मास्टर चाबी से वाहन चुराता और उन्हें रायसेन व विदिशा के ग्रामीण इलाकों में खपाता था।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 10:00:02 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 10:00:02 AM (IST)
ऐशबाग पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों से 11 चोरी की बाइकें बरामद कीं। सौ-पुलिसHighLights
- ऐशबाग पुलिस ने 4 चोरों को गिरफ्तार किया
- आरोपियों से 11 चोरी की बाइकें बरामद कीं
- जब्त वाहनों की कीमत करीब ढाई लाख रुपये
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जेल से बाहर आते ही फिर वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय हो गए। भोपाल की गलियों में घूमकर बाइक की रैकी करते, मौका मिलते ही चोरी करते और फिर इन्हें रायसेन जिले के ग्रामीण इलाकों में खपा देते थे। ऐशबाग पुलिस ने ऐसे वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर 11 बाइकें बरामद की हैं। जब्त वाहनों की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।
सिलवानी का निवासी है माजिद
पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपित माजिद खान सिलवानी का रहने वाला है। वह भोपाल में किराये से रहकर बाइक चोरी की वारदातें करता है। वर्ष 2024 में ऐशबाग पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में ही उसे गिरफ्तार किया था। तब आरोपित के पास से चोरी की 18 बाइकें जब्त की गई थीं। इसी वर्ष जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर चोरी का सिलसिला शुरू कर दिया।
मास्टर चाबी से चोरी
माजिद अलग-अलग इलाकों में खड़ी पुरानी बाइकों को निशाना बनाता था। वह मास्टर चाबी से पुरानी बाइकों को चालू करता और फिर अपने अन्य साथियों की मदद से उन्हें विदिशा के देहात क्षेत्र में खपाता था। पिछले दिनों में उसने जो बाइकें चोरी की थीं, उन्हें गिरोह नहीं बेच पाया था, जिससे देहात क्षेत्र में छुपीं 11 बाइकें जब्त की गई हैं।
सिलवानी से बाइक बरामद कीं
गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ऐशबाग क्षेत्र के मरघट के पास माजिद को पकड़ा। पूछताछ में उसने महामाई का बाग और पुष्पा नगर से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस उसे लेकर सिलवानी पहुंची, जहां समीर मंसूरी और कासिब को भी चोरी के वाहनों के साथ पकड़ा गया। जांच में भोपाल के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 13 बाइक चोरी करने की बात सामने आई।
पुलिस ने माजिद, समीर, कासिब और सुधीश राय को गिरफ्तार किया है। माजिद के खिलाफ पहले से 24 अपराध दर्ज हैं। पुलिस गिरोह से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।