MP में नदियों में कचरा रोकने का सिस्टम ही नहीं, देश में 518 नदी-नालों के किनारे गंदगी के 31,250 हॉटस्पाट
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी समिति की रिपोर्ट में देश की 518 नदियों और जलधाराओं के किनारे कचरा फेंकने के 31,250 हॉटस्पाट चिह्नित किए हैं। तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 30,345 स्थल हैं। मप्र में कचरा फेंकने के संवेदनशील स्थलों की संख्या नहीं बताई गई।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 03:26:17 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 03:26:17 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- सुप्रीम कोर्ट की निगरानी समिति की रिपोर्ट
- देश की 518 नदियों और जलधाराओं के पास कचरा प्रबंधन का खुलासा
- MP की 26 नदियों के पास फेंकने के स्थलों की संख्या नहीं
नईदुनिया, प्रतिनिधि भोपाल । देश के विभिन्न राज्यों में नदी-नालों के किनारे बिखरा पड़ा कचरा जलस्रोतों को प्रदूषित कर रहा है। इस समस्या को लेकर भोपाल नगर निगम बनाम डॉ. सुभाष सी. पांडे मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित निगरानी समिति की अनुपालन रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में 518 नदियों और उनसे जुड़ी जलधाराओं के किनारे कचरा फेंकने के 31,250 हाटस्पाट चिह्नित किए गए हैं।
रिपोर्ट में नहरों, नालों और छोटी जलधाराओं के आंकड़े भी शामिल हैं। इस कचरे को नदियों और जल निकायों में पहुंचने से रोकने के लिए 4542 सिस्टम लगाए गए हैं। इसके बावजूद रिपोर्टिंग अवधि में 21,324.69 टन ठोस कचरा हटाया गया।
कई राज्यों के आंकडे अधूरे
दिल्ली में नालों से 1,95,571 मीट्रिक टन सिल्ट निकाली गई। अवैध रूप से कचरा डालने पर 856 नोटिस जारी हुए और 942 कार्रवाई दर्ज की गईं। हालांकि, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के आंकड़े अधूरे हैं। उत्तर प्रदेश ने कोई आंकड़ा नहीं दिया।
मध्य प्रदेश ने 26 नदियों का उल्लेख किया, लेकिन कचरा फेंकने के संवेदनशील स्थलों की संख्या नहीं बताई। दिल्ली ने भी नदियों, नालों और कचरा डंपिंग स्थलों का पूरा ब्योरा नहीं दिया।
मप्र में कचरा फेंकने के हॉटस्पाट का ब्योरा नहीं रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश में नदियों और नालों में कचरा पहुंचने से रोकने के लिए कोई सिस्टम नहीं लगाया गया। अवैध कचरा डालने को लेकर सिर्फ एक नोटिस और एक कार्रवाई दर्ज है।
जल निकायों से 1.5 टन कचरा हटाने एवं एक नदी क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त करने का दावा किया गया है। वहीं दिल्ली में नालों पर 223 सिस्टम लगाए गए। वहां दो टन कचरा हटाने के साथ बड़े नालों से 1,95,571 मीट्रिक टन सिल्ट निकालने का ब्योरा है।
सिक्किम और ओडिशा में कचरे का कोई हॉटस्पाट नहीं
रिपोर्ट के अनुसार, सिक्किम की चार नदियों और ओडिशा की 25 नदियों व दो नालों में ठोस अपशिष्ट (एमएसडब्ल्यू) प्रदूषण का कोई संवेदनशील स्थल नहीं मिला। सिक्किम, मणिपुर और अंडमान-निकोबार में नदी किनारे से कचरा हटाने की कोई मात्रा दर्ज नहीं हुई। इन राज्यों में कचरा फेंके जाने की नागरिक शिकायतें भी शून्य रहीं।
इन राज्यों में कचरे के सबसे अधिक हॉटस्पाट
| राज्य / केंद्र शासित प्रदेश | नदियां / जलधाराएं | कचरे के हॉटस्पॉट |
| तमिलनाडु | 7 (6 नदी, 1 नहर) | 30,345 (नगरीय निकायों में 30,238 और नदियों के किनारे 107) |
| जम्मू और कश्मीर | 38 (16 नदी, 21 नाला और 1 झील) | 78 |
| पंजाब | 11 (5 नदी, 3 नहर, 3 स्ट्रीम) | 47 |
| गुजरात | 6 नदियां | 41 |
| मेघालय | 9 नदी | 39 |
| हिमाचल प्रदेश | 7 (5 नदी, 2 नाला) | 37 |
| उत्तराखंड | 3 नदी | 34 |
| महाराष्ट्र | 147 (133 नदी, 14 नाले) | 29 |
| दमन दीव और दादरा नगर हवेली | 1 नदी | 25 |
| पश्चिम बंगाल | 106 नदी | 22 |