
रईस मोहम्मद नईदुनिया, धार। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के अब तक घोषित परिणामों में धार शहर का नाम किसी भी श्रेणी में सामने नहीं आया है। हालांकि, 50 हजार से एक लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी के परिणाम अभी घोषित होना बाकी हैं। ऐसे में धार नगर पालिका सहित इस श्रेणी के अन्य निकायों को परिणाम का इंतजार है। आगामी दो-तीन दिनों में परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद ही साफ हो सकेगा कि धार अपनी पिछली रैंकिंग बरकरार रख पाया है या इस बार रैंकिंग में और गिरावट आएगी।
पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण में धार प्रदेश में 45वें स्थान पर था। इस बार रैंकिंग को लेकर उम्मीदें इसलिए भी कमजोर नजर आ रही हैं, क्योंकि शहर की सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत कई सवाल खड़े कर रही है। सर्वेक्षण के लिए आई टीम ने शहर के सभी 30 वार्डों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। ऐसे में सवाल उठता है कि जब शहर में रोजमर्रा की सफाई व्यवस्था ही दुरुस्त नहीं है तो सर्वेक्षण में बेहतर अंक कैसे मिलेंगे।
शहर के कई वार्डों में आज भी व्यवस्थित नालियों का अभाव है। इसके चलते घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। शुक्रवार सुबह इसका नजारा बस स्टैंड क्षेत्र में देखने को मिला। पुलिस कंट्रोल रूम और कोतवाली थाने के समीप से लेकर बस स्टैंड तक नाली का गंदा पानी सड़क पर बहता रहा। इससे यहां से गुजरने वाले यात्रियों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बस स्टैंड जैसे प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र में ही सफाई व्यवस्था की यह स्थिति है तो शहर के अंदरूनी वार्डों के हालात का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। ऐसे में सर्वेक्षण के दौरान टीम को शहर की सफाई व्यवस्था किस स्थिति में मिली होगी, यह भी सवालों के घेरे में है। यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो धार की रैंकिंग में पिछली बार के मुकाबले गिरावट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
शहर के 30 वार्डों से प्रतिदिन करीब 40 टन कचरा निकलता है। नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से इसे एकत्रित कर ट्रेंचिंग ग्राउंड तक पहुंचाया जाता है, लेकिन यहां पिछले दो वर्षों से कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन नहीं हो पा रहा है। नतीजतन ट्रेंचिंग ग्राउंड पर कचरे के बड़े-बड़े ढेर जमा हो गए हैं।
स्थिति यह है कि कचरे के उचित निपटान के बजाय मशीनों के माध्यम से उसे जमीन में मिलाया जा रहा है। इससे कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन और पर्यावरणीय प्रबंधन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में कचरा संग्रहण के साथ उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटान भी महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में ट्रेंचिंग ग्राउंड की बदहाल स्थिति का असर धार की रैंकिंग पर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में 130 साल पुरानी है स्वच्छता की विरासत, 1892 में ही म्युनिसिपल कमेटी ने लागू किए थे सख्त नियम
धार शहर की पिछली रैंकिंग प्रदेश में 45वीं थी। इस बार 50 हजार से एक लाख की आबादी वाले शहरों के परिणाम आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। नगर पालिका के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वह अपनी पिछली स्थिति को बरकरार रख पाएगी या सफाई व्यवस्था की खामियों के चलते रैंकिंग और नीचे चली जाएगी। फिलहाल शहर की सड़कों, नालियों और ट्रेंचिंग ग्राउंड की तस्वीर बेहतर रैंकिंग के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।