
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सभी 52 जिलों के कलेक्टरों को परीक्षा केंद्र तय करने के निर्देश दिए हैं। जिले में कितने अभ्यर्थी हैं, इसके हिसाब से केंद्र बनाए जाएंगे। इस बार प्रदेश में प्राथमिक और मिडिल स्तर के कुल 33,834 शिक्षक परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें प्राथमिक स्तर के 15,176 और मिडिल स्तर के 18,658 अभ्यर्थी हैं।
कलेक्टरों को परीक्षा केंद्रों की सूची 20 नवंबर 2026 तक मंडल को भेजनी होगी। परीक्षा केंद्र तय करने के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति बनेगी। इसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य या उनके प्रतिनिधि शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्र मुख्य रूप से शासकीय स्कूलों में बनाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर अच्छे निजी स्कूलों और अन्य शासकीय संस्थानों को भी केंद्र बनाया जा सकेगा। मंडल ने कहा है कि परीक्षा वाले दिन केंद्र पर कोई दूसरी परीक्षा या कार्यक्रम नहीं होगा। केंद्र पर गोपनीय सामग्री को सुरक्षित रखने और प्रवेश पत्र बांटने की पूरी व्यवस्था करनी होगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 15 हजार आबादी की राह में अड़ंगा, मुख्य मार्ग से 14 मीटर दूर बन रहा अयोध्या बायपास पर अंडरपास
छिंदवाड़ा में सबसे ज्यादा 1,660 शिक्षक परीक्षा देंगे। इसके बाद रीवा में 1,474, छतरपुर में 1,229, मंडला में 1,227, उज्जैन में 1,142 और रतलाम में 1,081 अभ्यर्थी हैं। श्योपुर में सबसे कम 141 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। हरदा में 155 और उमरिया में 210 अभ्यर्थी हैं। भोपाल में प्राथमिक स्तर के 204 और मिडिल स्तर के 412 सहित कुल 616 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।