भोपाल में बिजली चोरी पर 3.60 लाख का जुर्माना, 6 किलोवाट के कनेक्शन पर मिला 34 किलोवाट लोड
भोपाल के मुकद्दस नगर में बिजली कंपनी के सतर्कता दल ने छह किलोवाट के कनेक्शन पर 34.14 किलोवाट का भार पाया। बिजली चोरी और अनियमितताओं के मामले में 3.60 लाख रुपये का बिल बनाया गया।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 10:28:15 AM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 10:28:15 AM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार फोटो।HighLights
- भोपाल के मुकद्दस नगर में बिजली कंपनी का एक्शन
- स्वीकृत भार से पांच गुना से अधिक खपत मिली
- मामले में 3.60 लाख रुपये का बिल बनाया गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बिजली कंपनी के सतर्कता दल ने मंगलवार को मुकद्दस नगर में कार्रवाई करते हुए बिजली चोरी का मामला पकड़ा है। जांच के दौरान उपभोक्ता के परिसर में स्वीकृत भार से कई गुना अधिक बिजली का उपयोग पाया गया। उपभोक्ता के नाम पर छह किलोवाट का विद्युत कनेक्शन स्वीकृत था, जबकि मौके पर जांच में 34.14 किलोवाट का भार मिला।
अनियमितता सामने आने के बाद बिजली कंपनी ने उपभोक्ता पर 3.60 लाख रुपये का निर्धारित बिल बनाया है।
न्यूट्रल तारों की अदला-बदली
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को इंडस्ट्रियल गेट जोन के अंतर्गत सतर्कता दल ने मकान नंबर 24, मुकद्दस नगर निवासी कल्लेन उर रहमान के परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्युत संयोजन क्रमांक 2443012913 की जांच में बिजली चोरी के कई तरीके सामने आए।
जांच दल के अनुसार, बिजली चोरी करने के उद्देश्य से फेज और न्यूट्रल तारों की अदला-बदली की गई थी। इसके अलावा सपोर्टिंग जीआई वायर का इस्तेमाल अनधिकृत न्यूट्रल के रूप में किया जा रहा था।
मीटर के आंकड़ों में छेड़छाड़
परिसर के अंदर मीटर के आंकड़ों में छेड़छाड़ करने के उद्देश्य से एक बाहरी उपकरण (एक्सटर्नल डिवाइस) भी जुड़ा हुआ मिला।सतर्कता दल ने मौके पर मिली अनियमितताओं को दर्ज करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की। जांच में स्वीकृत छह किलोवाट के मुकाबले 34.14 किलोवाट भार मिलने और बिजली चोरी के तरीके सामने आने के बाद 3.60 लाख रुपये का बिल निर्धारित किया गया है।
बिजली कंपनी की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अनधिकृत तरीके से बिजली का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है।