भोपाल में स्मार्ट मीटर लगाने के कड़े निर्देश, बिजली चोरी पर अलर्ट हुआ विभाग
कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने स्मार्ट मीटर निर्धारित समय-सीमा में लगाने के साथ ट्रांसफार्मरों के सर्वे, बिजली लाइनों के रखरखाव और उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 09:29:15 AM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 09:29:15 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयारHighLights
- प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने दिए निर्देश
- स्मार्ट मीटर निर्धारित समय-सीमा में लगाएं
- अवैध बिजली उपयोग रोकने और राजस्व वसूली में तेजी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने सोमवार को अयोध्या नगर जोन में बिजली आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिक बिजली हानि वाले फीडरों पर विशेष ध्यान देते हुए अवैध और अनधिकृत बिजली उपयोग रोकने तथा राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फीडरवार सकल तकनीकी एवं वाणिज्यिक (एटीएंडसी) हानियों में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई की जाए।
अभियान चलाकर लगाएं स्मार्ट मीटर
उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने के शेष कार्यों को अभियान चलाकर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही वितरण ट्रांसफार्मरों के सर्वे, निम्नदाब और उच्चदाब लाइनों के रखरखाव तथा बिजली आपूर्ति में व्यवधान के कारणों का विश्लेषण कर स्थायी समाधान करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समय-सीमा में हो उपभोक्ताओं की समस्या का निराकरण
समीक्षा बैठक में बिजली आपूर्ति की स्थिति, बार-बार होने वाले बिजली अवरोध और उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण की जानकारी ली गई। साथ ही उपकेंद्रों में लगे सीटी, पीटी और कैपेसिटर बैंक जैसे उपकरणों की कार्यशीलता और नियमित रखरखाव की समीक्षा की गई। गर्ग ने उपभोक्ता इंडेक्सिंग के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और वितरण नेटवर्क का सटीक रिकार्ड तैयार करने के निर्देश दिए।