भोपाल इज्तिमा: 35 हजार वालेंटियर्स संभालेंगे कमान, 10 लाख मेहमानों के लिए 350 एकड़ में पार्किंग
भोपाल के ईंटखेड़ी में 4 से 7 दिसंबर तक आयोजित आलमी तब्लीगी इज्तिमा में 15 हजार वालेंटियर्स यातायात और 20 हजार भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 01:57:25 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 01:57:25 PM (IST)
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने इज्तिमा की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। फोटो- स्वयंHighLights
- ईंटखेड़ी में 4 से 7 दिसंबर तक आयोजित होगा इज्तिमा
- भोपाल में 35 हजार वालेंटियर्स संभालेंगे व्यवस्था
- 10 लाख मेहमानों के पहुंचने की संभावना
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। चार दिन तक लाखों लोगों की मेजबानी करने वाले आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां अब तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं।चार से सात दिसंबर तक ईंटखेड़ी में होने वाले इस आयोजन में भीड़ और यातायात प्रबंधन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी वालेंटियर्स संभालेंगे।
इसके लिए 15 हजार वालेंटियर्स यातायात व्यवस्था में लगाए जाएंगे, जबकि 20 हजार वालेंटियर्स भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। यातायात पुलिस इन्हें विशेष प्रशिक्षण देगी। इस बार इज्तिमा में 10 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
बुधवार को संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। देहात आइजी रुचि वर्धन मिश्रा ने सीसीटीवी कैमरे लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चार दिवसीय इज्तिमा का समापन सात दिसंबर को सामूहिक दुआ के साथ होगा। अगले सप्ताह से विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की जमातों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होने की संभावना है।
120 एकड़ में पंडाल, 350 एकड़ में पार्किंग
इज्तिमागाह पर करीब 120 एकड़ में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसका स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है। वहीं, आयोजन स्थल के आसपास करीब 350 एकड़ में पार्किंग जोन विकसित किए जा रहे हैं। इनमें छोटे, मध्यम और बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था रहेगी। इंतजामिया कमेटी के प्रवक्ता उमर हफीज खान के अनुसार सफाई और अन्य तैयारियां तेजी से चल रही हैं। बड़ी संख्या में लोग श्रमदान के लिए भी पहुंच रहे हैं।
पानी की बोतल छोड़ प्लास्टिक पर पाबंदी
इस बार इज्तिमा को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध रहेगा। केवल पानी की बोतलों को छूट दी जाएगी। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र किया जाएगा। बचे हुए भोजन से खाद बनाने और गंदे पानी के ट्रीटमेंट की व्यवस्था भी की जाएगी।