
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बाद प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों ने अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग के बाद अब जल संसाधन विभाग ने भी बड़ी पहल करते हुए 37 दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। विभागीय मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित आश्रितों को नियुक्ति आदेश सौंपे।
विभाग द्वारा जारी किए गए इन नियुक्ति आदेशों में अलग-अलग श्रेणी के पद शामिल हैं। इनमें सहायक वर्ग-तीन के 23 पद और भृत्य के 14 पदों पर दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को नियुक्ति दी गई है। आंकड़ों के अनुसार, जल संसाधन विभाग वर्ष 2020 से लेकर अब तक कुल 391 अनुकंपा नियुक्तियां प्रदान कर चुका है।
यह भी पढ़ें- एमपी में नर्मदा परिक्रमा पथ में बनेंगे 150 पुल-पुलिया, 22 सड़कें, श्रद्धालुओं के लिए सुगम होगा रास्ता
नियुक्ति पत्र सौंपते हुए जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति केवल एक सामान्य शासकीय प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह संकट की घड़ी में दिवंगत कर्मचारी के परिवार को आर्थिक और सामाजिक संबल देने का एक बेहद संवेदनशील माध्यम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर दुख की घड़ी में ऐसे पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।