Bhopal Cyber Fraud: 4 लोगों से ₹19.76 लाख की ठगी; प्रॉपर्टी डीलर को लगा सबसे बड़ा चूना
भोपाल में नौकरी दिलाने, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाया गया।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 02:30:26 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 02:30:26 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- चार लोगों से 19.76 लाख रुपये की साइबर ठगी
- नौकरी, बैंक और ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर झांसा
- अलग-अलग थानों में मामले दर्ज, पुलिस कर रही जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में साइबर ठगों ने नौकरी दिलाने, बैंक क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और आनलाइन सामान बेचने के नाम पर चार लोगों से करीब 19.76 लाख रुपये ठग लिए। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जीरो एफआईआर को असल अपराध में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पर्यावरण विभाग में नौकरी के नाम पर ठगीजहांगीराबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली 40 वर्षीय विनीता काकोडिया प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। 7 नवंबर को इंस्टाग्राम पर पर्यावरण विभाग में नौकरी का विज्ञापन देखकर उन्होंने संपर्क किया।
आरोपी ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1050 रुपये मांगे और दस्तावेज वाट्सएप पर भेजने को कहा। इसके बाद नियुक्ति और एग्रीमेंट लेटर भेजकर अलग-अलग किश्तों में रकम मांगता रहा। विनीता ने 13 ट्रांजेक्शन में कुल 34,100 रुपये भेज दिए। बाद में और रकम मांगे जाने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
प्रापर्टी डीलर से 18.41 लाख की धोखाधड़ी
अयोध्या नगर क्षेत्र के न्यू मिनाल निवासी प्रापर्टी डीलर संत कुमार झा से ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी कर 18 लाख 41 हजार 570 रुपये हड़प लिए गए। शिकायत में उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति ने दूसरे की पहचान का इस्तेमाल कर उन्हें झांसे में लिया और रकम ट्रांसफर करा ली।
क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा
मिसरोद निवासी केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक दीपक सिंह (41) को फोन कर आरोपित ने खुद को एक्सिस बैंक कर्मचारी बताया। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का ऑफर देकर लिंक भेजा और कार्ड की जानकारी व ओटीपी भरवा लिया। इसके बाद उनके कार्ड से 25,683 रुपये कट गए।
फेसबुक विज्ञापन से 75 हजार की चपत
मिसरोद निवासी चिकित्सक शुभी मिश्रा की मां कल्पना दुबे फेसबुक पर सामान खरीदने का विज्ञापन देखकर ठगी का शिकार हो गईं। भुगतान की प्रक्रिया के बहाने आरोपित ने अलग-अलग खातों में 75,820 रुपये जमा करा लिए। पुलिस चारों मामलों में आरोपितों और रकम के ट्रांसफर की जानकारी जुटा रही है।