अश्लील फोटो-वीडियो एडिट कर भोपाल में डॉक्टर से ब्लैकमेलिंग, धमकी देकर 1.79 लाख ठगे
भोपाल में डॉक्टर की तस्वीर एडिट कर अश्लील फोटो-वीडियो बनाए और वायरल करने की धमकी देकर साइबर ठगों ने 1.79 लाख रुपये वसूले। मिसरोद निवासी डॉक्टर ने चार बैंकों के खातों से कई किश्तों में रकम ट्रांसफर की।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 11:34:23 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 11:34:23 AM (IST)
फोटो, एआई से तैयार की गई हैHighLights
- डॉक्टर की तस्वीर एडिट कर अश्लील फोटो-वीडियो बनाए
- वायरल करने की धमकी देकर 1.79 लाख रुपये वसूले
- मिसरोद पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। डॉक्टर की तस्वीर एडिट कर अश्लील फोटो-वीडियो तैयार किए और उसे वायरल करने की धमकी देकर साइबर ठगों ने 1.79 लाख रुपये की डिजिटल फिरौती वसूल ली।
मिसरोद निवासी डॉक्टर ने लोन चुकाने के बावजूद बकाया बताकर परेशान करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
बदनामी का डर दिखाकर वसूली
आरोपितों ने बदनामी का डर दिखाकर लगातार रकम वसूल की। पीड़ित ने एसबीआई, यूनियन बैंक, केनरा बैंक और आईडीबीआई के खातों से अलग-अलग किश्तों में कुल 1,78,922 रुपये ट्रांसफर किए।
ठगी का अहसास होने पर उन्होंने पत्नी को पूरी घटना बताई और साइबर सेल में शिकायत की। मिसरोद पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला:
गूगल पर डॉक्टर का नंबर तलाशा, लकवाग्रस्त युवक से 50 हजार की साइबर ठगी
डॉक्टर का ऑनलाइन अपाइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर नंबर तलाशना लकवाग्रस्त युवक को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने पांच रुपये भुगतान के नाम पर वाट्सएप लिंक भेजकर उसके मोबाइल का एक्सेस हासिल किया और खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। पिपलानी निवासी 46 वर्षीय अमरजीत प्रजापति डॉक्टर एसके जैन का अपाइंटमेंट खोज रहे थे।
गूगल पर मिले नंबर से संपर्क करने पर उन्हें लिंक भेजकर मरीज की जानकारी भरने और भुगतान करने को कहा गया। 10, 12 और 13 नवंबर को भुगतान के प्रयास के बाद 13 नवंबर शाम छह बजे खाते से 50 हजार रुपये निकल गए। साइबर सेल की जीरो एफआईआर पर पिपलानी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।